पूरे पश्चिम बंगाल में विजयादशमी मनाई गई, बारिश ने ‘सिंदूर खेला’ में खलल डाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 02 Oct 2025 09:12 PM
पूरे पश्चिम बंगाल में विजयादशमी मनाई गई, बारिश ने ‘सिंदूर खेला’ में खलल डाला
ऑडियो सुनें

कोलकाता. विजयादशमी और दुर्गा पूजा के समापन का त्योहार बृहस्पतिवार को पूरे पश्चिम बंगाल में बारिश के बीच ‘घाट विसर्जन’ और ‘सिंदूर खेला’ की पारंपरिक रस्मों के साथ मनाया गया. हालांकि, बारिश के कारण ‘सिंदूर खेला’ के दौरान महिलाओं को थोड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा.

कोलकाता में, बागबाजार और कुमारटोली सर्बोजोनिन सहित कुछ पंडालों में लाल किनारी वाली साड़ियों में महिलाओं ने ‘सिंदूर खेला’ में भाग लिया. राज्य मंत्री शशि पांजा भी ‘सिंदूर खेला’ में शामिल हुईं. देवी दुर्गा को भावभीनी विदाई देने से पहले, विवाहित महिलाओं द्वारा अपने परिवार की खुशहाली के लिए की जाने वाली प्रार्थनाओं का प्रतीक और सदियों पुरानी ‘सिंदूर खेला’ की परंपरा ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया.

दोपहर में मूर्तियों का विसर्जन शुरू हुआ, कोलकाता के शोभाबाजार राजबाड़ी और बहरामपुर के कासिमबाजार राजबाड़ी सहित विभिन्न घरों में श्रद्धालुओं द्वारा देवी दुर्गा को विदाई देते हुए पारंपरिक धूमधाम और भव्यता के साथ अनुष्ठान किए गए. रामकृष्ण मिशन के बेलूर मठ में भी पारंपरिक अनुष्ठान किए गए. विसर्जन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग नदियों और जलाशयों के किनारे एकत्रित हुए.

पुलिस ने कहा कि उन्होंने मूर्तियों के विसर्जन के दौरान शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की थी. हालांकि, कोलकाता में कई सामुदायिक पूजा समारोहों की मूर्तियों का विसर्जन नहीं हो सका, क्योंकि आज बृहस्पतिवार था, जिसे इस अनुष्ठान के लिए ”अशुभ” माना जाता है. इन पूजा समारोहों के आयोजकों ने शुक्रवार को विसर्जन करने की योजना बनाई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu