आगामी उप्र विधानसभा चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाना चाहती है भाजपा: सांसद आदित्य यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Oct 2025 08:42 PM
आगामी उप्र विधानसभा चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाना चाहती है भाजपा: सांसद आदित्य यादव
ऑडियो सुनें

संभल. बदायूं से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद आदित्य यादव ने रविवार को सत्तारू­ढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह वर्ष 2027 के उप्र विधानसभा चुनाव को हिन्दू बनाम मुस्लिम बनाकर और समाज को सांप्रदायिक तथा जातिगत आधार पर विभाजित करके जीत हासिल करने की फिराक में है.

यादव ने संभल जिले के गुन्नौर इलाके में ‘पीडीए यात्रा’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) में हिस्सा लेने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ”भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) चाहती है कि वर्ष 2027 का चुनाव हिंदू-मुस्लिम का मुकाबला बन जाये.” उन्होंने जोर देकर कहा कि सपा इससे विचलित नहीं होगी और विकास तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर ही टिकी रहेगी.

यादव ने कहा, ”भाजपा हर चुनाव को हिंदू बनाम मुस्लिम बनाकर लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है, लेकिन हम इससे विचलित नहीं होंगे. सपा पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों की आवाज उठाती रहेगी.” भाजपा का नाम लिये बिना उन्होंने कहा, ”जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव करने वालों को 2027 में सबक सिखाया जाना चाहिए. इन बेईमान लोगों को सत्ता से बेदखल करने का समय आ गया है.” संभल में मदरसों पर हाल ही में हुई बुलडोजर की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए यादव ने आरोप लगाया कि सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों को निशाना बना रही है.

उन्होंने कहा, ”ऐसी कार्रवाई संविधान को कुचलने और कुछ समुदायों को पिछड़ा बनाने की कोशिश है.” बरेली में पीड़ितों से मिलने से सपा नेताओं को रोके जाने के मुद्दे पर यादव ने कहा, ”विपक्ष को पीड़ितों से मिलने से रोककर सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है. जहां भी अन्याय होगा, सपा पीड़ितों के साथ खड़ी रहेगी.” वरिष्ठ सपा नेता आजम खान के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, ”आजम खान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और उन्होंने इसे मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किया है. वह कभी सपा या राजनीति को नहीं छोड़ेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu