हरियाणा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चंडीग­ढ़ स्थित आवास में मृत पाए गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Oct 2025 07:33 PM
हरियाणा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी चंडीग­ढ़ स्थित आवास में मृत पाए गए
ऑडियो सुनें

चंडीग­ढ़. हरियाणा के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वाई पूरण कुमार मंगलवार को चंडीग­ढ़ स्थित अपने आवास में मृत पाए गए और उनके शरीर पर गोली के जख्म मिले हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पूरण कुमार (52) भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 2001 बैच के अधिकारी थे और वह अधिकारियों के अधिकारों और वरिष्ठता तथा अन्य मुद्दों से संबंधित मामलों में अपने हस्तक्षेप के लिए जाने जाते हैं. उन्हें हाल ही में रोहतक के सुनारिया में पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) के महानिरीक्षक के रूप में तैनात किया गया था.

कुमार की पत्नी अमनीत पी कुमार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी हैं और हरियाणा सरकार के विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव पद पर कार्यरत हैं. अमनीत फिलहाल मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के तौर पर जापान में हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस अपराह्न करीब 1.30 बजे चंडीग­ढ़ के सेक्टर 11 स्थित कुमार के आवास पहुंची.
पुलिस ने बताया कि कुमार की कथित आत्महत्या के बारे में विस्तृत जानकारी अस्पष्ट है, क्योंकि उनके शरीर पर गोली लगने के निशान हैं.

चंडीग­ढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवरदीप कौर ने संवाददाताओं को बताया, ” अपराह्न करीब 1.30 बजे हमें सेक्टर 11 पुलिस थाने में सूचना मिली. सेक्टर 11 के एसएचओ और उनकी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. आत्महत्या की सूचना मिली थी… शव की पहचान आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार के रूप में हुई है.” कौर ने मौके से ‘सुसाइड नोट’ मिलने के सवाल पर कहा,

”सीएफएसएल (केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) की एक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और जांच जारी है.” पूरण कुमार इससे पहले रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पद पर तैनात थे और हाल में ही उन्हें रोहतक के सुनारिया स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में महानिरीक्षक पद पर तैनात किया गया था. हाल के वर्षों में, पूरण कुमार पुलिस रैंक में अनुसूचित जाति के प्रतिनिधित्व से संबंधित मुद्दों पर मुखर रहे थे.

कुमार ने पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के कई पदों पर होने की शिकायत की थी. उन्होंने राज्य सरकार से भी संपर्क कर राज्य में आईपीएस अधिकारियों को सरकारी वाहनों के भेदभावपूर्ण और चुनिंदा आवंटन का आरोप लगाया था. हरियाणा पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के अपने आधिकारिक हैंडल पर पोस्ट में कहा, ”हरियाणा पुलिस श्री वाई. पूरण कुमार, भा. पु. से., पुलिस महानिरीक्षक पी.टी.सी. सुनारिया के असामयिक निधन से अत्यंत दुखी और स्तब्ध है.हम इस कठिन घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं.ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu