टेक्सास की गर्मी में ट्रेलर को लावारिस छोड़ने से 48 प्रवासियों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Jun 2022 09:08 PM
टेक्सास की गर्मी में ट्रेलर को लावारिस छोड़ने से 48 प्रवासियों की मौत
ऑडियो सुनें

सैन एंटोनियो.  अमेरिका के दक्षिण-पश्चिम टेक्सास में भीषण गर्मी में एक एक ट्रैक्टर-ट्रेलर को लावारिस छोड़े जाने के बाद 48 लोगों की मौत हो गयी, वहीं चार बच्चों समेत 16 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह मेक्सिको से अमेरिकी सीमा के रास्ते अवैध तरीके से जा रहे प्रवासियों की मौत का ताजा मामला है.

पुलिस प्रमुख विलियम मैकमैनस ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे मदद के लिए चीख-पुकार सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे शहर के एक कर्मी को स्थिति का अंदाजा हुआ. अधिकारी जब ट्रैक्टर-ट्रेलर के पास पहुंचे तो स्थिति का पता चला. सैन एंटोनियो में बाप्टिस्ट स्वास्थ्य प्रणाली के प्रवक्ता पी टैनर ने कहा कि 46 लोग घटनास्थल पर मृत मिले थे और बाद में दो लोगों की मृत्यु अस्पताल में हो गयी.

सैन एंटोनियो के मेयर रोन निरेनबर्ग ने कहा, ‘‘यह किसी भयावह मानवीय आपदा से कम नहीं है.’’ पिछले कुछ वर्षों में मेक्सिको से अमेरिका की सीमा पार करने की कोशिश करने के दौरान हजारों लोगों की जान जाने के मामले आये हैं और ताजा घटना उन सबसे भयावह घटनाओं में से एक है. 2017 में सैन एंटोनियो के एक वालमार्ट में खड़े ट्रक में फंसे 10 प्रवासियों की मौत हो गयी थी. 2003 में सैन एंटोनियो के दक्षिण पूर्व में खड़े एक ट्रक में 19 प्रवासियों के शव मिले थे.

दमकल विभाग के प्रमुख चार्ल्स हुड ने बताया कि प्रचंड गर्मी की वजह से बीमार पड़े जिन 16 लोगों को अस्पतालों भर्ती कराया गया है, उनमें से 12 वयस्क और चार बच्चे हैं. मरीजों का शरीर तप रहा था और ट्रेलर में पानी बिल्कुल नहीं था. उन्होंने कहा, ‘‘वे भीषण गर्मी और थकान से जूझ रहे थे. यह एक रेफ्रिजरेटिड ट्रैक्टर-ट्रेलर था लेकिन उस पर कोई एसी चलता नहीं दिखा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu