युवा एशियाई खेल: भारत को मुक्केबाजी में चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Oct 2025 10:13 PM
युवा एशियाई खेल: भारत को मुक्केबाजी में चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक

ऑडियो सुनें

बहरीन. भारत ने एशियाई युवा खेलों में अपना प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए बृहस्पतिवार को यहां मुक्केबाजी में चार स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतने के अलावा ‘बीच कुश्ती’ में भी तीन स्वर्ण और दो रजत पदक जीते. भारत के पदकों की संख्या 47 हो गई जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 17 कांस्य पदक शामिल हैं.

मुक्केबाजों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और भारतीय दल में किसी भी अन्य खेल से अधिक पदक जीते. खुशी चंद (46 किग्रा), अहाना शर्मा (50 किग्रा), चंद्रिका भोरेशी पुजारी (54 किग्रा) और अंशिका (80 किग्रा से अधिक) ने स्वर्ण पदक जीते. सुबह के ्स्विवणम सत्र में खुशी (46 किग्रा) ने चीन की लुओ जिनशियू के खिलाफ 4-1 से शानदार जीत के साथ भारत के लिए मुक्केबाजी में दिन का पहला स्वर्ण जीता. अहाना (50 किग्रा) ने इसके बाद एकतरफा जीत हासिल की जब पहले राउंड में ही दक्षिण कोरिया की मा जोंग हयांग के खिलाफ रैफरी को मुकाबला रोकने (आरएससी) के लिए मजबूर होना पड़ा.

इसके बाद चंद्रिका (54 किग्रा) ने उज्बकिस्तान की मुहम्मदोवा कुमरिनिसो को 5-0 से हराकर भारत की स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी की.
अंशिका ने भारत के लिए चौथा स्वर्ण पदक जीता जबकि हरनूर कौर (66 किग्रा) को रजत पदक मिला. लड़कों के वर्ग में लैंचेनबा सिंह मोइबुंगखोंगबाम (50किग्रा) को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. उन्हें कजाखस्तान के नूरमाखान झुमगली के खिलाफ कड़े मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी. इससे पहले अनंत देशमुख (66 किग्रा) ने कांस्य पदक हासिल किया.

‘बीच कुश्ती’ में सानी सुभाष फुलमाली और अंजलि ने क्रमश: लड़कों और लड़कियों के 60 किग्रा और 55 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीते जबकि अर्जुन रुहिल भी लड़कों के 90 किग्रा वर्ग में शीर्ष पर रहे. सुजॉय नागनाथ तनपुरे (70 किग्रा) और रविंदर (80 किग्रा) को अपने-अपने फाइनल मुकाबलों में हारने के बाद रजत पदक मिला.

सानी सुभाष ने फाइनल में ईरान के अमीराली डोमिरकोलाई को 2-0 से हराया जबकि अंजलि ने वियतनाम की बुई एमगोक थाओ थॉम को 2-1 से शिकस्त दी. अर्जुन ने 90 किग्रा वर्ग में ईरान के मोहम्मदमहदी फोतोउही को हराया. सुजॉय ईरान के सिना शोकोउही से 1-2 से हार गए जबकि रविंदर को भी ईरान के ही तौराज खोडेई के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा.

जूडो में मोनिका खुयेंथेम लड़कियों के 63 किग्रा वर्ग के फाइनल में साशेंका फातिमा से हार गईं और उन्हें रजत पदक मिला. र्हिषत ने लड़कों के 73 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता. सार्थक आर्य और सिंड्रेला दास की मिश्रित युगल जोड़ी ने टेबल टेनिस में कांस्य पदक जीता. भारजीय जोड़ी सेमीफाइनल में तांग यिरेन और हू यी की चीन की जोड़ी से हार गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu