शाहरुख खान अभिनीत ‘किंग’ 2026 में रिलीज होगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Nov 2025 09:01 PM
शाहरुख खान अभिनीत ‘किंग’ 2026 में रिलीज होगी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘किंग’ 2026 में रिलीज होगी. निर्माताओं ने रविवार को इसकी घोषणा की. फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है. सिद्धार्थ ने पहले शाहरुख के साथ 2023 में ‘पठान’ में काम किया था, जो बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी. आगामी फिल्म ‘किंग’ रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मा्फ्लिलक्स पिक्चर्स द्वारा निर्मित है.

शाहरुख के 60वें जन्मदिन के मौके पर इसकी घोषणा की गई. साथ ही शीर्षक का अनावरण वीडियो भी जारी किया गया, जिसमें अभिनेता सिल्वर हेयरकट के साथ एक नए अवतार में नजर आ रहे हैं. इसमें उनके एक्शन दृश्यों की झलकियां भी दिखाई गईं.
प्रोडक्शन बैनर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो साझा किया. इसने कैप्शन में लिखा, ”सौ देशों में बदनाम, दुनिया ने दिया सिर्फ एक ही नाम- किंग. यह शोटाइम है! सिनेमाघरों में 2026.” फिल्म में शाहरुख की बेटी सुहाना खान और दीपिका पादुकोण भी हैं.

शाहरुख और पादुकोण ने ‘ओम शांति ओम’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों में काम किया है, जो 2023 में रिलीज हुई थी. अभिनेता पिछली बार राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘डंकी’ में तापसी पन्नू, विक्की कौशल और बोमन ईरानी के साथ दिखाई दिए थे.

काजोल, अक्षय कुमार और फिल्म जगत की अन्य हस्तियों ने शाहरुख को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं

काजोल, करण जौहर और अक्षय कुमार समेत फिल्म जगत के सहयोगियों ने रविवार को शाहरुख खान को उनके 60वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और सुपरस्टार को ”दिलों का सच्चा बादशाह”, ”जादुई इंसान” और ”प्रेरणा” बताया. शाहरुख के साथ ”कुछ कुछ होता है”, ”माई नेम इज खान” और ”दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे” जैसी फिल्मों में साथ काम करने वालीं काजोल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अभिनेता के साथ तस्वीरें साझा कीं.

काजोल ने लिखा, ”बेहतरीन जीवन के 60वें जन्मदिन की शुभकामनाएं! आज के लिए सलाह – मोमबत्तियां मत गिनें… फिर से 29 साल के होने वाले हैं. जन्मदिन मुबारक हो शाहरुख.” फिल्म ”बाजीगर” में शाहरुख के साथ काम करने वालीं शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने अभिनेता के साथ तस्वीरों का एक मोंताज वाला वीडियो साझा किया और कैप्शन में लिखा, ”दिलों के सच्चे ‘बादशाह’ और मेरे पहले हीरो शाहरुख खान को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपको उत्तम स्वास्थ्य, खुशी और सफलता की शुभकामनाएं! आपको ढेर सारा प्यार, ‘बाजीगर ओ बाजीगर’.” अक्षय कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”आपके विशेष दिन पर बहुत-बहुत बधाई शाहरुख. 60 का लगता नहीं है वैसे तू कहीं से. शकल से 40, अकल से 120. जन्मदिन मुबारक हो दोस्त.” करण ने सुपरस्टार को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके साथ की गई फिल्मों के दिनों को याद किया.

अभिनेता विक्की कौशल ने ‘इंस्टाग्राम’ पर शाहरुख के साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा, ”जन्मदिन मुबारक ‘किंग’. आपको ढेर सारा प्यार.” अभिनेता को जन्मदिन की बधाई देते हुए अभिनेत्री यामी गौतम ने कहा कि शाहरुख ”दुनिया भर में सबसे बड़े और सबसे पसंदीदा अभिनेताओं में से एक हैं.” कोरियोग्राफर फराह खान, अभिनेता इमरान हाशमी, अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और फैशन डिजाइन मनीष मल्होत्रा ने भी शाहरुख खान को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu