लघु उद्योग भारती ने आरएसएस से प्रेरणा ली: राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Nov 2025 08:06 PM
लघु उद्योग भारती ने आरएसएस से प्रेरणा ली: राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि लघु उद्योग भारती (एलयूबी) को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से प्रेरणा मिली है. सिंह ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.

बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र (बीआईईसी) में ‘इंडिया मैन्युफैक्चरिंग शो (आईएमएस 2025)’ के सातवें संस्करण के उद्घाटन सत्र के दौरान अपने ऑनलाइन संबोधन में सिंह ने कहा, ”मुझे खुशी है कि लघु उद्योग भारती अब ‘लघु’ नहीं है.” उन्होंने कहा कि एलयूबी लगातार बढ. रहा है और विस्तार कर रहा है तथा पूरे देश में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुका है. रक्षा मंत्री ने संगठन की सराहना करते हुए कहा कि अपनी स्थापना के समय से ही यह लघु उद्योगों की आवाज बन गया है. उन्होंने कहा कि आरएसएस एलयूबी के लिए प्रेरणा का स्रोत है.

सिंह ने कहा, ”निश्चित रूप से यह संगठन (एलयूबी) इस भूमिका में उभरने के लिए आरएसएस से प्रेरित है. उनका आदर्श वाक्य ‘अर्हिनशं सेवामहे’ (दिन-रात सेवा में) यह स्पष्ट करता है कि वे हमेशा सेवा करना चाहते हैं, जैसे संघ परिवार एक सदी से समाज और राष्ट्र के लिए काम कर रहा है. यह पूरे दिल से और पूरी निष्ठा के साथ कर रहा है, आरएसएस ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सेवा कर रहा है.” मंत्री ने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि वह लंबे समय से आरएसएस से जुड़े हुए हैं.

उन्होंने कहा, ”मैं आरएसएस से जुड़ा था, जुड़ा हूं और जब तक जीवित हूं, तब तक जुड़ा रहूंगा.” सिंह ने एलयूबी और सभी छोटे उद्यमों से भारत को एक विकसित देश बनाने का आह्वान किया. मंत्री ने कहा, ”मुझे विश्वास है कि लघु उद्योग भारती और सभी एमएसएमई भारत सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे. मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि यदि आप भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एक कदम उठाएंगे, तो सरकार 10 कदम चलने के लिए तैयार है.” सिंह ने कहा कि यह एलयूबी और एमएसएमई के लिए आगे बढ.ने का सही समय है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu