गुजरात में BLO ने आत्महत्या की, ‘सुसाइड नोट’ में SIR ड्यूटी के कारण मानसिक तनाव का जिक्र

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 21 Nov 2025 09:11 PM
गुजरात में BLO ने आत्महत्या की, ‘सुसाइड नोट’ में SIR ड्यूटी के कारण मानसिक तनाव का जिक्र
ऑडियो सुनें

कोडीनार. गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर (एसआईआर) के कार्य में लगे एक स्कूल शिक्षक, जो बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के रूप में तैनात थे, ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. परिजनों का दावा है कि उन्होंने एक ‘सुसाइड नोट’ छोड़ा है, जिसमें “मानसिक तनाव और कार्य के दबाव” को आत्महत्या की वजह बताया गया.

एक अधिकारी ने बताया कि शिक्षक अरविंद वढेर ने सुबह करीब साढ़े छह बजे कोडीनार तालुका के देवली गांव स्थित अपने घर में फांसी लगा ली. वढेर कोडीनार के छारा गांव के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे और हाल में उन्हें एसआईआर अभियान के लिए बीएलओ की ड्यूटी सौंपी गई थी. कथित ‘सुसाइड नोट’ में वढेर ने इस कदम के लिए एसआईआर की ड्यूटी को जिम्मेदार ठहराया.

वधेर ने कथित तौर पर नोट में लिखा, “अब मेरे लिए एसआईआर का यह काम करना असंभव है. मैं पिछले कुछ दिनों से थका हुआ और मानसिक रूप से तनावग्रस्त महसूस कर रहा हूं. कृपया हमारे बेटे का ख्याल रखें…मेरे पास यह कदम उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है.” गिर सोमनाथ जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी एन. वी. उपाध्याय ने कहा कि पुलिस आत्महत्या की घटना की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

उन्होंने बताया कि वढेर की आत्महत्या चौंकाने वाली है, क्योंकि वे जिले के ‘शीर्ष प्रदर्शन करने वाले बीएलओ’ में से एक थे और अपना 40 प्रतिशत से अधिक काम पूरा कर चुके थे. घटना के बाद सरकारी प्राथमिक शिक्षकों के संगठन ‘गुजरात राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ’ का एक प्रतिनिधिमंडल गांधीनगर में निर्वाचन अधिकारियों से मिला और बीएलओ के रूप में कार्यरत शिक्षकों की समस्याओं को लेकर एक प्रतिवेदन सौंपा.

बृहस्पतिवार को राज्य के खेड़ा जिले में बीएलओ के रूप में कार्यरत एक स्कूल शिक्षक की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई और परिजनों ने उनकी मौत के लिए एसआईआर कार्य से जुड़े “अत्यधिक कार्य के दबाव” को जिम्मेदार ठहराया. खेड़ा के कपडवंज तालुका के जांबुड़ी गांव निवासी बीएलओ रमेशभाई परमार (50) की बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात घर में सोते समय दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu