
देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो में जारी परिचालन संकट लगातार तीसरे दिन भी जारी है। गुरुवार को देश के तीन बड़े हवाई अड्डों दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू में इंडिगो की 250 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि दिन के आखिर तक रद्द उड़ानों का आंकड़ा बहुत ज्यादा बढ़ सकता है। गौरतलब है कि इंडिगो एयरलाइन क्रू के कमी और डीजीसीए के नए फ्लाइट ड्यूटी नियमों के कारण परेशानी में घिरी है।
देश के अहम हवाई अड्डों पर इंडिगा को परिचालन लगभग थमा
रिपोर्ट्स के अनुसार, इंडिगो ने गुरुवार को मुंबई, दिल्ली और बंगलूरू एयरपोर्ट्स पर 180 से ज्यादा उड़ानों को रद्द किया है। इनमें से मुंबई एयरपोर्ट पर 86 (41 आगमन और 45 प्रस्थान), बंगलूरू एयरपोर्ट पर 73 उड़ानें रद्द हुई हैं। इनके अलावा दिल्ली हवाई अड्डे पर 95 (48 प्रस्थान और 47 आगमन) उड़ानें रद्द हुई हैं। सूत्रों ने बताया कि दिन के अंत तक रद्द उड़ानों की संख्या और भी ज्यादा बढ़ सकती है। इंडिगो की पहचान तय समय पर उड़ान भरने या आगमन करने वाली एयरलाइन के तौर पर रही है, लेकिन मौजूदा संकट ने एयरलाइन की इस खासियत को बुरी तरह से प्रभावित किया है। बुधवार को देश के छह अहम हवाई अड्डों- दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बंगलूरू और हैदराबाद में इंडिगो का ऑन टाइम परफोर्मेंस (OTP) घटकर सिर्फ 19.7 प्रतिशत रहा, जबकि 2 दिसंबर को यह 35 प्रतिशत रहा था।
डीजीसीए ने इंडिगो से मांगी रिपोर्ट
एयरलाइन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो डीजीसीए के एफडीटीएल के नए नियमों को लागू करने के बाद से ही क्रू की कमी की समस्या से जूझ रही है। इसके चलते एयरलाइन का परिचालन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। डीजीसीए ने कहा है कि वे इंडिगो के परिचालन में आ रही समस्या की जांच कर रहे हैं और साथ ही एयरलाइन से भी मौजूदा हालात को लेकर जवाब मांगा गया है। डीजीसीए ने इस स्थिति से उबरने के लिए इंडिगो एयरलाइन के प्रबंधन से आगे की योजना भी बताने का निर्देश दिया है।
पायलट्स के संगठन ने इंडिगो एयरलाइन पर लगाए आरोप
पायलों के संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने इंडिगो एयरलाइन पर निशाना साधा है और आरोप लगाया कि दो साल का समय मिलने के बावजूद एयरलाइन ने नए फ्लाइट ड्यूटी नियमों को लागू करने की कोई तैयारी नहीं की। पायलट्स एसोसिएशन ने डीजीसीए से इंडिगो के फ्लाइट शेड्यूल को तब तक मंजूरी नहीं देने की अपील की है, जब तक एयरलाइन अपने स्टाफ की कमी को पूरा नहीं करती और नए फ्लाइट ड्यूटी नियमों का पालन नहीं करती। पायलट्स एसोसिएशन ने डीजीसीए से मांग की कि इंडिगो को दिए गए स्लॉट को अन्य सक्षम एयरलाइंस को आवंटित कर दिया जाए।
बम की धमकी के बाद इंडिगो की मदीना से हैदराबाद की उड़ान को अहमदाबाद उतारा गया
अहमदाबाद/हैदराबाद. सऊदी अरब के मदीना से हैदराबाद आ रही इंडिगो की एक उड़ान को बृहस्पतिवार को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतारा गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (जोन-4) अतुल बंसल ने बताया कि विमान दोपहर करीब 12:30 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया और विमान की गहन तलाशी के लिए सभी यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों को भी विमान से नीचे उतारा गया.
बंसल ने कहा, ”जब विमान मदीना से हैदराबाद आ रहा था तो किसी ने इंडिगो को एक ईमेल भेज कर यह दावा किया गया था कि उसमें बम रखा गया है. चूंकि अहमदाबाद सबसे नजदीकी हवाई अड्डा था इसलिए विमान चालक ने एहतियात के तौर पर उसे यहां उतारने का फैसला किया.” हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आरजीएआई) के सूत्रों के मुताबिक, उन्हें बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे इंडिगो की मदीना से हैदराबाद की उड़ान (6ई58) के लिए बम की धमकी वाला ईमेल मिला और जब धमकी भरा संदेश मिला, तब विमान हवा में उड़ान भर रहा था.
अधिकारी ने बताया कि बम की धमकी के बारे में सूचना मिलने के बाद गुजरात पुलिस केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की मदद के लिए मौके पर पहुंची. उन्होंने कहा कि शुरुआती तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.
आरजीएआई सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”चार दिसंबर 2025 को हैदराबाद हवाई अड्डा ग्राहक सहयोग आईडी पर सुबह 10 बजे मदीना से हैदराबाद की उड़ान 6ई58 के लिए बम की धमकी वाला ईमेल मिला. जब धमकी का संदेश मिला तो उड़ान हवा में थी और उसे अहमदाबाद में उतारा गया.” फ्लाइटव्यू डॉट कॉम वेबसाइट के अनुसार हैदराबाद जाने वाली 6ई58 ने मदीना के प्रिंस मोहम्मद बिन अब्दुलअजीज हवाई अड्डे से सुबह पांच बजकर 29 मिनट पर उड़ान भरी थी और इसे यहां पूर्वाह्न नौ बजकर 45 मिनट पर उतारा गया था.


