डेटिंग ऐप के जरिये 1.9 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में युगांडा का नागरिक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Dec 2025 10:10 PM
डेटिंग ऐप के जरिये 1.9 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में युगांडा का नागरिक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. डेटिंग ऐप पर अपनी प्रेमिका की तस्वीरों का इस्तेमाल कर दिल्ली के एक युवक को लड़की होने का झांसा देकर उससे कथित तौर पर 1.9 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में युगांडा के 38 वर्षीय एक नागरिक को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान माइकल इगा के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर बुराड़ी इलाके में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहा था. उसने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि इगा ने शिकायतकर्ता को असम से एक ‘दुर्लभ तेल’ खरीदने से संबंधित ‘‘लाभदायक व्यवसाय’’की पेशकश की थी.

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया, ‘‘किशनगढ़ निवासी शिकायतकर्ता डेटिंग ऐप के जरिये एक महिला से जुड़ा था. महिला ने कथित तौर पर एक सौंदर्य उत्पाद कंपनी में काम करने का दावा करके उसका विश्वास हासिल किया और उसे असम से एक दुर्लभ तेल की खरीद कर और भारी मुनाफे पर दोबारा बेचने से जुड़े कारोबार में शामिल करने का प्रलोभन दिया.’’ उन्होंने बताया कि युवक ने कथित महिला पर भरोसा कर कई बैंक खातों में 1,90,000 रुपये अंतरित कर दिये, जिसके बाद उसने व्यक्ति को ब्लॉक कर दिया.

पुलिस ने बताया कि डेटिंग ऐप पर इस्तेमाल की गई पहचान फर्जी थी और तेल व्यापार से जुड़ी पूरी कहानी मनगढ़ंत थी. उसने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने बताया कि तकनीकी निगरानी, ??डिजिटल जानकारी का विश्लेषण और इस्तेमाल खातों के जरिये उसने इगा का पता लगाया, जो कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली-एनसीआर में बार-बार जगह बदल रहा था. गोयल ने बताया कि अंतत: उसे बुराड़ी से गिरफ्तार किया गया.

उन्होंने बताया कि उसके पास से चार मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किए गए छह डेबिट कार्ड और 22,500 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार, इगा कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राष्ट्रीय साइबर शिकायत मंच (एनसीआरपी) पर दर्ज कम से कम 14 साइबर धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान इगा ने अपनी प्रेमिका की तस्वीरों का उपयोग करके फर्जी महिला प्रोफाइल बनाने और पीड़ितों को जाल में फंसाने तथा भारी मुनाफ दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी करने की बात स्वीकार की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu