घने कोहरे के कारण चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय रद्द, बीसीसीआई के कार्यक्रम पर उठे सवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 17 Dec 2025 10:44 PM
घने कोहरे के कारण चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय रद्द, बीसीसीआई के कार्यक्रम पर उठे सवाल

ऑडियो सुनें

लखनऊ. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच बुधवार को खराब दृश्यता के कारण रद्द कर दिया गया जब घने कोहरे की एक परत ने इकाना स्टेडियम को घेर लिया जिससे र्सिदयों के महीनों में उत्तरी भारत में मुकाबले कराने के भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यक्रम पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरी श्रृंखला के लिए नवंबर और दिसंबर के दौरान न्यू चंडीगढ़, धर्मशाला, लखनऊ, रांची, रायपुर, विशाखापत्तनम, कटक, अहमदाबाद, गुवाहाटी और कोलकाता को आयोजन स्थल के तौर पर चुना गया था. यह वह समय होता है जब लखनऊ, न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला जैसे मेजबान शहरों में प्रदूषण का स्तर आमतौर पर सबसे खराब होता है.

चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय आधिकारिक तौर पर ‘अत्यधिक कोहरे’ के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया लेकिन सच्चाई यह थी कि प्रदूषण और कोहरे की एक मोटी चादर ने इकाना स्टेडियम को घेर लिया था जिससे दृश्यता बहुत कम हो गई थी. बुधवार को लखनऊ में वायु गुणवत्ता सूचकांत (एक्यूआई) 400 से ऊपर खतरनाक स्तर में रहा जिससे खिलाडि़यों के कल्याण के प्रति बीसीसीआई की प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को मैच से पहले भारतीय टीम के वार्म-अप के दौरान प्रदूषण से बचने के लिए र्सिजकल मास्क पहने देखा गया.

शाम सात बजे शुरू होने वाला मैच आखिरकार छठे निरीक्षण के बाद रात साढ़े नौ बजे रद्द कर दिया गया. हालांकि यह एक औपचारिकता से ज्यादा कुछ नहीं था क्योंकि वहां मौजूद सभी लोग जानते थे कि रात बढ़ने के साथ दृश्यता और खराब होती जाएगी.
खिलाडि़यों ने शाम साढे. सात बजे तक अपना वार्म-अप सत्र खत्म कर दिया था और ड्रेसिंग रूम में लौट गए थे. ठंड का सामना करते हुए रात नौ बजे तक दर्शकों की भीड़ भी कम होने लगी थी.

बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के राजीव शुक्ला निरीक्षण के दौरान मैदान पर आए लेकिन मैच अधिकारियों से बात करने के बाद उनकी भावभंगिमा से निराशा साफ झलक रही थी. कोई रिजर्व दिन नहीं होने के कारण दोनों टीमें अब शुक्रवार को होने वाले अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय के लिए अहमदाबाद जाएंगी. भारत श्रृंखला में 2-1 से आगे है. बीसीसीआई आयोजन स्थलों का आवंटन करते समय रोटेशन नीति का पालन करता है लेकिन बोर्ड 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली सीमित ओवरों की श्रृंखला से पहले स्थल बदलने पर विचार कर सकता था.

भारतीय टीम न्यूजीलैंड का सामना पश्चिमी और दक्षिणी भारत के स्थलों पर करेगी जो मैच वडोदरा, राजकोट, इंदौर, नागपुर, रायपुर, विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे. सिर्फ एक मैच पूर्वोत्तर शहर गुवाहाटी में होना है. उत्तर खेत्र के अधिकतर आयोजन स्थल र्सिदयों के महीनों में मौसम से प्रभावित होते रहे हैं. पिछले हफ्ते तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय धर्मशाला में 10 डिग्री से कम तापमान में खेला गया था जो बर्फ से ढकी धौलाधार रेंज की गोद में बसा है.

मैच के बाद तमिलनाडु के रहने वाले भारत के रहस्मयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने माना था कि हालात उनके लिए खास तौर पर मुश्किल थे. उन्होंने कहा था, ”मैंने इतने ठंडे मैदान पर कभी नहीं खेला इसलिए मुझे यह काफी मुश्किल लगा.” धर्मशाला में मैच के दिन एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में था और न्यू चंडीगढ़ में दूसरे मैच दौरान ‘गंभीर’ श्रेणी में था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu