यात्रियों को नारे लगाने और आधार कार्ड दिखाने के लिए मजबूर करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Dec 2025 10:15 PM
यात्रियों को नारे लगाने और आधार कार्ड दिखाने के लिए मजबूर करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बालासोर. सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ओडिशा के बालासोर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों पर हमला करने और कथित तौर पर उन्हें ‘जय श्री राम’ का नारा लगाने और अपने आधार कार्ड दिखाने के लिए मजबूर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने यह जानकारी सोमवार को दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात को उस समय घटी जब कुछ यात्री प्रतीक्षा कक्ष में सो रहे थे.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो व्यापक रूप से प्रसारित हुआ है जिसमें कथित तौर पर कुछ उपद्रवी यात्रियों को जगाकर उनसे आधार कार्ड मांग रहे हैं और उन्हें नारे लगाने के लिए मजबूर कर रहे हैं. हालांकि, पीटीआई स्वतंत्र रूप से वीडियो की पुष्टि नहीं कर सकी.
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे और आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर जीआरपी के हवाले कर दिया. रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि युवक की पहचान सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंडारदा गांव के सागर जेना के रुप में हुई है.

उन्होंने कहा कि अन्य सहयोगियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस ने बताया कि बीएनएस 126/196/115(2),351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है. ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, “बालासोर रेलवे स्टेशन पर प्रवासी श्रमिकों पर हमला करना, उनसे आधार मांगना और नारे लगवाना भाजपा की विभाजनकारी राजनीति का प्रत्यक्ष परिणाम है. हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं और सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं. ओडिशा डर और सांप्रदायिक नफरत से प्रेरित राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu