गूगल उपयोगकर्ता मौजूदा डेटा खोए बिना बदल सकेंगे जीमेल आईडी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Dec 2025 09:03 PM
गूगल उपयोगकर्ता मौजूदा डेटा खोए बिना बदल सकेंगे जीमेल आईडी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. गूगल खाताधारक अब अपनी प्राथमिक ‘एट जीमेल डॉट कॉम’ ईमेल आईडी को नई आईडी में बदल सकेंगे और उनके मौजूदा खाते का सारा डेटा सुरक्षित रहेगा. प्रौद्योगिकी दिग्गज गूगल ने इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से जारी करना शुरू कर दिया है.
यह अपडेट फिलहाल गूगल के आधिकारिक सपोर्ट पेज के कुछ भाषा संस्करणों पर दिखाई दे रहा है. इसके अनुसार, खाते में सेव किया गया डेटा – जिसमें फोटो, संदेश और ईमेल शामिल हैं – नई जीमेल आईडी पर जाने के बाद भी पूरी तरह अप्रभावित रहेगा.

गूगल की वेबसाइट के मुताबिक, ”गूगल खाते से जुड़े ईमेल पता का उपयोग आप गूगल की सेवाओं में साइन इन करने के लिए करते हैं. यह ईमेल पता आपको और दूसरों को आपके खाते की पहचान करने में मदद करता है. यदि आप चाहें, तो आप अपने गूगल खाते का वह ईमेल पता जो ‘जीमेल डॉट कॉम’ पर खत्म होता है, उसे नए जीमेल डॉट कॉम ईमेल पते में बदल सकते हैं.” इसमें आगे कहा गया, ”गूगल खाते में पुराना ‘जीमेल डॉट कॉम’ वाला ईमेल पता एक एलियस के रूप में सेट कर दिया जाएगाङ्घ. आपके खाते में सेव किया गया डेटा, जिसमें फोटो, संदेश और पुराने ईमेल पते पर भेजे गए ईमेल शामिल हैं, प्रभावित नहीं होंगे.” उपयोगकर्ता पुराने या नए, दोनों ईमेल पतों का उपयोग करके जीमेल, मैप्स, यूट्यूब और ड्राइव जैसी गूगल सेवाओं में साइन इन कर सकेंगे.

यह फीचर खाते के प्रबंधन को आसान बनाता है, लेकिन गूगल ने कहा कि इसे चरणों में लागू किया जा रहा है और यह तुरंत सभी उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध नहीं हो सकता. कंपनी ने यह भी बताया कि नया जीमेल पता बनाने के बाद अगले 12 महीनों तक कोई और नया पता नहीं बनाया जा सकेगा, हालांकि पुराने पते का उपयोग किसी भी समय किया जा सकता है. यह जानने के लिए कि फीचर आपके खाते में सक्रिय है या नहीं, इसके लिए उपयोगकर्ता गूगल अकाउंट की ‘पर्सनल इन्फॉर्मेशन’ श्रेणी में ‘ईमेल’ खंड देख सकते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu