रूस में मेडिकल दाखिले के नाम पर 15.39 लाख की ठगी, चार के खिलाफ मामला दर्ज

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 21 Jan 2026 01:31 PM
रूस में मेडिकल दाखिले के नाम पर 15.39 लाख की ठगी, चार के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक निवासी से उसके बेटे को रूस में मेडिकल शिक्षा दिलाने के बहाने 15.39 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एक शैक्षणिक परामर्श कंपनी के निदेशक और उसके तीन सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

डोंबिवली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित ने अपने बेटे को रूस के एक विश्वविद्यालय में छह वर्षीय मेडिकल डिग्री पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने के लिए संबंधित परामर्श फर्म की सेवाएं ली थीं। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने मोबाइल फोन के जरिए पीड़ित से संपर्क किया और सुगम प्रवेश प्रक्रिया का आश्वासन देकर उसका विश्वास जीता।

उन्होंने बताया कि इन आश्वासनों के आधार पर पीड़ित के बेटे का रूस स्थित विश्वविद्यालय में प्रवेश कराया गया, जिसके बाद पीड़ित ने शैक्षणिक खर्चों के लिए आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में 27,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 23.08 लाख रुपये) जमा कराए। अधिकारी के अनुसार, बाद में पता चला कि परामर्श फर्म ने रूसी विश्वविद्यालय के प्रति अपने वित्तीय दायित्व पूरे नहीं किए थे।

जांच में सामने आया कि पाठ्यक्रम की पूरी अवधि के लिए आरोपियों को पूरी राशि मिल चुकी थी, लेकिन उन्होंने विश्वविद्यालय को केवल 9,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 7.69 लाख रुपये) ही भेजे, जो महज डेढ़ साल की फीस के बराबर थे। अधिकारी ने बताया कि शेष 18,000 अमेरिकी डॉलर यानी 15.39 लाख रुपये आरोपियों ने गबन कर लिए। उन्होंने बताया कि यह कथित धोखाधड़ी सितंबर 2023 से जनवरी 2024 के बीच हुई।

उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने सोमवार को शैक्षणिक परामर्श कंपनी के निदेशक और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital