‘भाजपा का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता’, राहुल बोले- निष्पक्ष चुनाव हुए तो 140 सीटें भी नहीं जीतेंगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 06 May 2026 12:31 PM
‘भाजपा का हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता’, राहुल बोले- निष्पक्ष चुनाव हुए तो 140 सीटें भी नहीं जीतेंगे
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर चुनावी प्रक्रिया में धांधली का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में भाजपा के हर छठे सांसद ने वोट चोरी के जरिए जीत हासिल की है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि अगर देश में निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं तो बीजेपी 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हिंदी में पोस्ट करते हुए कहा कि वोट चोरी से कभी एक सीट चुराई जाती है और कभी पूरी सरकार। लोकसभा में बीजेपी के 240 सांसदों में लगभग हर छठा सांसद वोट चोरी करके पहुंचा है।

हरियाणा सरकार को बोला घुसपैठिया
उन्होंने भाजपा पर हमला तेज करते हुए कहा कि ऐसे सांसदों की पहचान करना मुश्किल नहीं है। राहुल गांधी ने भाजपा की शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए सवाल किया कि क्या ऐसे लोगों को घुसपैठिया कहा जाना चाहिए। उन्होंने हरियाणा सरकार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि वहां पूरी सरकार ही घुसपैठिया है।

चुनावी संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में हेरफेर किया जा रहा है और जिन संस्थाओं को निष्पक्ष होना चाहिए, वे रिमोट कंट्रोल से चलाई जा रही हैं। राहुल गांधी ने कहा, भाजपा को सबसे ज्यादा डर सच से लगता है। अगर आज निष्पक्ष चुनाव हो जाएं तो वे 140 सीटें भी नहीं जीत पाएंगे।

राहुल ने विधानसभा चुनावों के परिणामों पर भी लगाए थे आरोप
इससे एक दिन पहले भी राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत को जनादेश की चोरी करार दिया था। उन्होंने कहा था कि यह भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की बीजेपी की बड़ी रणनीति का हिस्सा है।

राहुल गांधी ने टीएमसी का समर्थन करते हुए कहा कि टीएमसी की हार पर खुशी जताने वालों को छोटी राजनीति से ऊपर उठना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी की लड़ाई नहीं, बल्कि भारत और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।

गौरतलब है कि हाल ही में घोषित विधानसभा चुनाव नतीजों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया, जबकि असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफलता हासिल की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav