मध्यप्रदेश पुलिस में पदस्थ महिला आरक्षक को लिंग परिवर्तन के मामले में गृह विभाग से अनुमति मिल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद आदेश जारी किया गया है, अब पुलिस मुख्यालय नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
इस प्रकरण में महिला आरक्षक ने लिंग परिवर्तन के लिए आवेदन दिया था। आवेदन के साथ भारत के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना और नोटरीकृत शपथ-पत्र भी प्रस्तुत किया गया था।
मामले की जांच के दौरान दस्तावेजों के साथ चिकित्सकीय रिपोर्टों पर भी विचार किया गया। प्रकरण के परीक्षण के लिए भोपाल के गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में चिकित्सकीय जांच कराई गई थी। इसके बाद मानसिक रोग विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिला मेडिकल बोर्ड ने भी मामले में अनुशंसा की। सभी संबंधित दस्तावेजों और चिकित्सकीय अभिमतों की समीक्षा के बाद पुलिस मुख्यालय ने अपनी अनुशंसा शासन को भेजी थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर गृह विभाग ने अनुमति संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए आदेश जारी किए। अब पुलिस मुख्यालय नियमानुसार अगली कार्रवाई कर रहा है।