पेपर लीक पर चुप्पी तोड़ें और प्रधान का इस्तीफा लें प्रधानमंत्री: कन्हैया कुमार

नयी दिल्ली: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने नीट-यूजी और कुछ अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक के विषय को लेकर शुक्रवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जब भी ‘विश्व भ्रमण’ से छुट्टी मिले, तो वह इस मामले में चुप्पी तोड़ें, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करें तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को खत्म करें।

उन्होंने यह दावा भी किया कि लोगों का शिक्षा व्यवस्था से भरोसा उठ रहा है और सरकार ‘टेलीग्राम’ को प्रतिबंधित करने जैसा कदम उठाकर सिर्फ लीपापोती कर रही है। कुमार ने कांग्रेस कार्यालय में संवाददाताओं से कहा, ”लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साफ-साफ कहा है कि हम शिक्षा पर राजनीति नहीं करना चाहते। लेकिन आज हर मां-बाप को डर लग रहा है कि हमारा बच्चा कुछ कर न ले। बच्चे भयंकर अवसाद का सामना कर रहे हैं। लेकिन भाजपा के लोग जिम्मेदारी लेने की बजाय, राहुल गांधी जी से सवाल पूछ रहे हैं।”

उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या केंद्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार है? कांग्रेस नेता ने कोटा में राहुल गांधी के हालिया छात्र सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी को नेता विपक्ष राहुल गांधी जी की बात सुननी चाहिए, क्योंकि शिक्षा राजनीति का मसला नहीं है। आज शिक्षा व्यवस्था पर से आम व्यक्ति का भरोसा टूट गया है। छात्रों से सपना देखने का अधिकार छीन लिया गया है। देश की सरकार आम जनता की जेब काट रही है। मोदी सरकार ने शिक्षा को ‘प्रोडक्ट’ में तब्दील कर दिया है।”

कुमार ने कहा, ”देश में बड़े-बड़े पदों पर अयोग्य लोगों को बैठाया जा रहा है और हम जब सवाल उठाते हैं, तो हम पर राजनीति करने का आरोप लगाया जाता है। ऐसे में सवाल है कि क्या प्रश्नपत्र लीक करवाना देशभक्ति का काम है?”उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी को जब भी वर्ल्ड टूर (विश्व भ्रमण) से छुट्टी मिले, तब वह पेपर लीक पर चुप्पी तोड़ें, धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लें, एनटीए को खत्म करें, पेपर लीक के सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करें और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए सक्षम संस्थान बनाएं।”कुमार ने कहा, ”मेरी सभी छात्रों से अपील है कि आप फेल नहीं हुए हैं, इसलिए खुद को सजा मत दीजिए। राहुल गांधी जी, कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button