पश्चिम बंगाल: तृणमूल के पूर्व विधायक का बेटा धोखाधड़ी और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 13 Jul 2026 02:42 PM
पश्चिम बंगाल: तृणमूल के पूर्व विधायक का बेटा धोखाधड़ी और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

 कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक निर्मल घोष के बेटे तीर्थंकर घोष को कथित रूप से धोखाधड़ी और जबरन वसूली की गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में सोमवार को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पानीहाटी नगर पालिका के पूर्व पार्षद रहे तीर्थंकर घोष को दक्षिणेश्वर इलाके से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया, ”जबरन वसूली, धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने तथा लॉटरी के विजेता टिकट छीनने के प्रयास से जुड़ी शिकायतों के आधार पर पुलिस कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी।” तीर्थंकर घोष को जब बैरकपुर अदालत ले जाया जा रहा था, तब कुछ लोगों ने उस पर अंडे फेंके।

पुलिस के अनुसार, जबरन वसूली के इसी मामले में पूर्व विधायक निर्मल घोष भी वांछित हैं। निर्मल घोष 11 जुलाई को ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट की एक बैठक में सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए थे। इसके बाद राजनीतिक हलकों में इस बात को लेकर अटकलें तेज हो गईं कि पुलिस की तलाश के बावजूद वह अब तक गिरफ्तारी से कैसे बचे हुए हैं। हालांकि, ऋतब्रत बनर्जी ने खुद को इस मामले से अलग करते हुए कहा कि उन्होंने निर्मल घोष को किसी भी बैठक में आमंत्रित नहीं किया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav