श्रीलंका में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति राजपक्षे के आवास में 1.78 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Jul 2022 07:42 PM
श्रीलंका में प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति राजपक्षे के आवास में 1.78 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया

ऑडियो सुनें

कोलंबो. श्रीलंका में राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के आधिकारिक आवास पर धावा बोलने वाले सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के घर के अंदर से 1.78 करोड़ रुपये बरामद करने का दावा किया है. सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में प्रदर्शनकारी बरामद मुद्रा नोट की गिनती करते हुए दिखाई देते हैं. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें रविवार को राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास में 1,78,50,000 श्रीलंकाई रुपये मिले. प्रदर्शनकारियों ने बरामद रकम पुलिस को सौंप दी.

सरकार विरोधी सैकड़ों प्रदर्शनकारी अवरोधकों को तोड़ने के बाद शनिवार को मध्य कोलंबो के उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में स्थित राजपक्षे के आवास में घुस गए थे. प्रदर्शनकारी देश में गंभीर आर्थिक संकट के मद्देनजर राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों का एक और समूह प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजी आवास में घुस गया और उसमें आग लगा दी थी.

इस बारे में ज्ञात नहीं है कि राष्ट्रपति अभी कहां हैं. प्रदर्शनकारियों के शहर में घुसने के बाद से उनका एकमात्र संवाद संसद अध्यक्ष महिंदा यापा अभयवर्धने के साथ हुआ, जिन्होंने शनिवार देर रात घोषणा की कि राष्ट्रपति बुधवार को इस्तीफा दे देंगे. राष्ट्रपति राजपक्षे ने अध्यक्ष को इस्तीफा देने के अपने फैसले के बारे में सूचित किया. अभयवर्धने ने शनिवार शाम को नेताओं की सर्वदलीय बैठक के बाद इस्तीफा मांगने के लिए उन्हें पत्र लिखा था. राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों की अनुपस्थिति में संसद के अध्यक्ष कार्यवाहक राष्ट्रपति होंगे. बाद में, सांसद नए राष्ट्रपति का चुनाव करेंगे.

मई में, राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे के बड़े भाई और तत्कालीन प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण पद छोड़ना पड़ा था. राजपक्षे बंधुओं- महिंदा और गोटबाया को श्रीलंका में कई लोग लिट्टे के खिलाफ गृहयुद्ध जीतने के लिए नायक के रूप में देखते थे, लेकिन अब उन्हें देश के सबसे गंभीर आर्थिक संकट के लिए दोषी ठहराया जा रहा है. करीब 2.2 करोड़ की आबादी वाला देश पिछले सात दशकों में एक अभूतपूर्व आर्थिक उथल-पुथल का सामना कर रहा है. विदेशी मुद्रा घटने तथा ईंधन समेत जरूरी सामान की किल्लत से देश में संकट और गहरा गया है.

प्रधानमंत्री विक्रमसिंघे के निजी आवास को आग के हवाले करने को लेकर तीन लोग गिरफ्तार

श्रीलंका की पुलिस ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के निजी आवास को एक दिन पहले आग के हवाले करने को लेकर रविवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया. मीडिया में आई खबरों में यह जानकारी दी गई. देश में अभूतपूर्व आर्थिक संकट को लेकर आक्रोशित प्रदर्शनकारियों का एक समूह शनिवार को यहां कैम्ब्रिज प्लेस स्थित विक्रमसिंघेके निजी आवास में घुस गया और इसे आग के हवाले कर दिया.

वेब पोर्टल ‘कोलंबो पेज’ की खबर में पुलिस प्रवक्ता एसएसपी निहाल तलदुआ के हवाले से कहा है कि गिरफ्तार किये गये लोगों में माउंट लवीनिया निवासी 19 वर्षीय एक व्यक्ति और गाले निवासी 24 एवं 28 साल के दो व्यक्ति शामिल हैं. उन्होंने कहा कि और गिरफ्तारियां हो सकती हैं, क्योंकि पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है. वेब पोर्टल ‘लंका फर्स्ट’ की खबर के मुताबिक, तलदुआ ने कहा कि संदिग्धों को फिलहाल कोलपेट्टी पुलिस की हिरासत में रखा गया है और उन्हें रविवार शाम तक अदालत में पेश किया जाएगा.

By Yogesh Kumar Sahu