उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर छोटे भाई से विवाद के बाद बड़े भाई ने तालाब में कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान राठ थाना क्षेत्र के मांजखोर निवासी अभिषेक (20) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर अभिषेक का अपने छोटे भाई से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद वह करीब आधी रात को घर से निकल गया। पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने पूरी रात उसे ढूंढा लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जरिया थाना क्षेत्र के मटना तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा और पुलिस को सूचना दी।
जरिया थाना प्रभारी मनोज पांडेय मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान अभिषेक के तौर पर की। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।