एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ियों और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन का मार्च

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 06 Oct 2026 01:09 PM
एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ियों और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन का मार्च
ऑडियो सुनें

विपक्षी नेता और सांसद मंगलवार को एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च शुरू किया। प्रस्तावित मार्च को देखते हुए विजय चौक और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है।

प्रदर्शन में सागरिका घोष ने सीईसी के इस्तीफे की मांग की

इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि दबाव बहुत ज्यादा है और ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए। सागरिका घोष ने आरोप लगाया कि वह भारत के नहीं, बल्कि बीजेपी के मुख्य चुनाव आयुक्त की तरह काम कर रहे हैं।

आकाशवाणी भवन में बैठे राहुल-प्रियंका

इंडिया ब्लॉक सांसदों के विरोध प्रदर्शन के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर बैठ गए। दोनों नेताओं के साथ अन्य विपक्षी सांसद भी मौजूद हैं।

 

प्रदर्शन में जोतिमणि बोलीं- ‘सीईसी को जाना होगा’

इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद जोतिमणि ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि वह लाठी और गोलियां तक झेलने को तैयार हैं, लेकिन चुनाव आयुक्त को हटाकर रहेंगी। जोतिमणि ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक का विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती।

 मार्च रोके जाने पर जयराम रमेश का बयान

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन को लेकर कहा कि विपक्षी दलों ने शांतिपूर्ण मार्च निकाला था। उन्होंने बताया कि मार्च चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाना था, लेकिन आकाशवाणी भवन और पुराने योजना आयोग भवन के बीच पुलिस ने रोक दिया। लेकिन यह आंदोलन की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली होगी। इसके अलावा हर ब्लॉक में पदयात्रा और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।

प्रदर्शन में पप्पू यादव ने लगाए वोट चोरी के आरोप

इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध करना जरूरी है, क्योंकि वोटों की चोरी हो रही है। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि फॉर्म-6 के जरिए आरएसएस- भाजपा को फायदा पहुंचाया गया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए इस मुद्दे पर विरोध जारी रखने की बात कही।

 खरगे ने सरकार को घेरा

इंडिया ब्लॉक के विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के अधिकारों से जुड़ा है। खरगे ने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अपने अधिकारों के लिए चुप नहीं बैठेगी। खरगे ने सरकार से तुरंत पद छोड़ने की मांग की और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर देशभर में बड़ा विरोध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर नौ राज्यों की विधानसभा भंग हो सकती है तो यहां की व्यवस्था भी भंग होनी चाहिए।

राहुल-प्रियंका को किया गया रिहा

दिल्ली में इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने कुछ देर के लिए हिरासत में लिया। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

राहुल -प्रियंका समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया

दिल्ली में चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर जा रहे इंडिया ब्लॉक के विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। विपक्षी सांसद चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने मार्च को आगे बढ़ने से रोका।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav