छुट्टी नहीं मिलने पर नाराज सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 11 Jul 2022 08:05 PM
छुट्टी नहीं मिलने पर नाराज सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारी
ऑडियो सुनें

जोधपुर. राजस्थान के जोधपुर शहर में अधिकारियों द्वारा रात भर काफी समझाने-बुझाने के प्रयास किए जाने के बावजूद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने सोमवार को खुद को कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने यह जानकारी दी. जवान छुट्टी नहीं मिलने से गुस्से में था और उसने अपने परिवार के साथ खुद को अपने क्वार्टर में बंद कर लिया था और आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था.

पाल्दी ंिखंिचयां में सीआरपीएफ के प्रशिक्षण केंद्र में अपने आवासीय क्वाटर्स की बालकनी से नरेश जाट ने अपनी इंसास राइफल से आत्महत्या की धमकी देते हुए हवा में गोलियां चलायीं. वह वरिष्ठ अधिकारी द्वारा छुट्टी देने से मना करने पर नाराज था.
इस बात की सूचना मिलने पर पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने हथियार सौंप देने के वास्ते उसे राजी करने का प्रयास किया लेकिन वह खुदकुशी की धमकी देता रहा. पुलिस ने कहा कि उसने उसे समझाने-बुझाने के लिए उसके पिता को भी बुला लिया लेकिन उससे भी बात नहीं बनी.

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अमृता दुहन ने कहा, ‘‘जवान बहुत गुस्से में था. हमने उसे शांत कराने का प्रयास किया. उसकी इच्छा के अनुसार उसकी महानिरीक्षक (सीआरपीएफ) से भी बात करायी गयी जो वहां आ रहे थे. लेकिन आखिरकार उसने सोमवार सुबह करीब 11 बजे खुद को गोली मार ली. ’’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि जवान रविवार को उसे छुट्टी नहीं दिये जाने से सीआरपीएफ उपमहानिरीक्षक से नाराज था.

उन्होंने कहा, ‘‘ बताया जाता है कि रविवार को नरेश ने डीआईजी से छुट्टी मांगी थी लेकिन अधिकारी ने मना कर दिया. इस बात से नाराज उसने पहले एक सहयोगी के हाथ पर काट खाया, जिस पर उसके विरूद्ध चेतावनी जारी की गयी. नाराज जवान सीधे चौथे तल पर अपने घर में गया और पत्नी एवं बेटी के साथ खुद को अंदर बंद कर लिया.’’

उन्होंने कहा, ‘‘ रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने क्वार्टर की बालकनी में आया और इंसास राइफल लहराने लगा एवं हवा में गोलियां चलाने लगा. एक घंटे में उसने आठ राउंड गोलियां चलायीं और खुद एवं परिवार की जान ले लेने की धमकी दी.’’ पुलिस उपायुक्त के अनुसार अपराध में इस्तेमाल किया गया हथिार बरामद कर लिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu