‘वास्तव में बेमिसाल थे’: रजनीकांत, अक्षय, मनीषा और अन्य सितारों ने नाना पाटेकर को याद करते हुए कहा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 08 Oct 2026 04:59 PM
‘वास्तव में बेमिसाल थे’: रजनीकांत, अक्षय, मनीषा और अन्य सितारों ने नाना पाटेकर को याद करते हुए कहा
ऑडियो सुनें

मुंबई: रजनीकांत, अक्षय कुमार, मनीषा कोइराला, माधुरी दीक्षित, आलिया भट्ट और सिनेमा जगत की कई अन्य हस्तियों ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके बेबाक व्यक्तित्व तथा विशिष्ट अभिनय शैली को याद किया।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी और पर्दे पर दमदार मौजूदगी के लिए मशहूर 75 वर्षीय अभिनेता का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पणजी के निकट डोना पाउला स्थित अपने अपार्टमेंट में वह बेहोश पाए गए थे जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रजनीकांत ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”मैं विश्वास नहीं कर सकता कि मेरे प्रिय मित्र नाना अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।” अक्षय कुमार ने 2007 की कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम’ में पाटेकर के साथ काम किया था। फिल्म में पाटेकर द्वारा निभाया गया डॉन उदय शेट्टी का किरदार काफी लोकप्रिय हुआ था। अक्षय ने अभिनेता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

अक्षय ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”नाना जी के निधन की खबर से वास्तव में बहुत दुखी हूं। वह उन दुर्लभ अभिनेताओं में से थे, जिन्हें दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं पड़ती थी। उनकी आवाज, वह तीव्रता, हर अभिनय में वह ईमानदारी… वह पूरी तरह अपने आप में एक अलग शख्सियत थे।” उन्होंने कहा, ”उनके साथ फिल्म के सेट पर बिताई बहुत सी यादें हमेशा मेरे दिल के करीब रहेंगी। नाना जी वास्तव में बेमिसाल थे। यह विश्वास करना मुश्किल है कि आप नहीं रहे। इन सभी यादों के लिए धन्यवाद। आपकी कमी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।” अक्षय ने 2025 में आई फिल्म ‘हाउसफुल 5’ में आखिरी बार पाटेकर के साथ काम किया था।

‘खामोशी: द म्यूजिकल’ और ‘अग्निसाक्षी’ जैसी फिल्मों में पाटेकर के साथ काम कर चुकीं मनीषा कोइराला ने कहा कि वह उनके निधन से दुखी हैं। उन्होंने कहा, ”वह एक असाधारण शख्सियत और अभिनय कला के सच्चे दिग्गज थे। सिनेमा में उनका योगदान और अपने काम के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आत्मा को शांति मिले।” ‘वेलकम’ में पाटेकर के सह-कलाकार रहे परेश रावल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”भाऊ… नाना साहेब। बेहद ईमानदार और संजीदा। हमेशा प्यार और सम्मान।” सनी देओल ने कहा कि भले ही उन्होंने नाना के साथ कभी पर्दे पर काम नहीं किया, लेकिन वह उन्हें हमेशा याद करेंगे।

उन्होंने लिखा, ”अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि नाना हमारे बीच नहीं हैं… हम दोनों के बीच कई वर्षों से एक खास रिश्ता था। वह बेबाक, ंिजदादिल थे और हमेशा वही करते थे जो करना चाहते थे। मैं उन्हें हमेशा इसी तरह याद रखूंगा। नाना, आपकी बहुत याद आएगी।” आलिया भट्ट ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर लिखा कि नाना ”बेमिसाल” थे।

उन्होंने कहा, ”विदा, नाना सर। आपने दुनिया को हंसाया, रुलाया और इनके बीच की हर भावना को महसूस कराया।” आर माधवन ने पाटेकर को ”दिग्गज” बताते हुए कहा कि 1991 की समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्म ‘प्रहार: द फाइनल अटैक’ में उनके अभिनय से वह बेहद प्रभावित और प्रेरित हुए थे।

माधवन ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर कहा, ”एक दिग्गज हमसे हमेशा के लिए दूर चला गया। रंगमंच पर दिए अविस्मरणीय पलों और अभिनेताओं को दिए अमूल्य सबक के लिए धन्यवाद। मुझे आज भी याद है कि ‘प्रहार’ देखने के बाद मैं कितना प्रभावित और प्रेरित हुआ था। सर, आपके जैसा दूसरा कोई नहीं होगा। आत्मा को शांति मिले।” इन दिनों अमेरिका में मौजूद अनुपम खेर ने कहा कि नाना का अचानक निधन की खबर को स्वीकार करना ”बेहद मुश्किल” है।

उन्होंने कहा, ”सीधे, दिखावे से दूर और कठिन से कठिन बात को भी अपने अंदाज में कहने वाले। मेरे दोस्त, मैं आपको याद करूंगा। आपकी गर्मजोशी और आपके गले लगने को।” ‘पंिरदा’ में पाटेकर के साथ काम कर चुकीं माधुरी दीक्षित ने उन्हें ”महान कलाकार, प्रभावशाली व्यक्तित्व और अविस्मरणीय आवाज” बताया।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर कहा, ”नाना पाटेकर के निधन के साथ फिल्म उद्योग ने एक बेहद अनमोल और दिग्गज कलाकार खो दिया है। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।” रवीना टंडन ने कहा कि पाटेकर के साथ उनका रिश्ता आपसी सम्मान, गर्मजोशी और सच्चे स्रेह पर आधारित था।

उन्होंने कहा, ”वह वास्तव में शेरदिल थे—साहसी, मजबूत और दिल के उदार। उनके साथ बिताया समय हमेशा याद रहेगा। ‘मुस्तफा’ के एक दृश्य में उनके अनुभव और समझ ने मेरे अभिनय में एक खास बारीकी और गहराई लाने में मेरी बहुत मदद की थी। इसके लिए मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी।” संजय दत्त ने कहा कि नाना पाटेकर का निधन फिल्म उद्योग के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

उन्होंने कहा, ”अब भी विश्वास करना मुश्किल है कि मेरे भाई, मेरे दोस्त नाना अब हमारे साथ नहीं हैं। हमारे साथ बिताए समय की बहुत सी सुखद यादें हैं, जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगा… हमने एक शानदार अभिनेता, महान कलाकार और बेहद खास इंसान को खो दिया है।” फिल्मकार राम गोपाल वर्मा ने कहा, ”हां, हर कोई जानता है कि कोई अमर नहीं है… लेकिन फिर भी मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि उनके जैसे मजबूत व्यक्ति के साथ ऐसा इतने अचानक हो सकता है। मुझे उनके दिल पर गुस्सा आता है कि उसने उनका साथ छोड़ दिया और ऐसा लगता है जैसे अभिनय के भगवान नाना पाटेकर को खोकर मैंने भगवान को ही खो दिया।” फरहान अख्तर ने कहा कि नाना के निधन से ऐसी कमी पैदा हुई है जिसे लंबे समय तक महसूस किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ”कला के क्षेत्र में उनका काम और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।” अभिनेता मनोज बाजपेयी ने कहा कि सिनेमा में नाना की यात्रा ने मुंबई आकर फिल्मी करियर बनाने का सपना देखने वाले कई महत्वाकांक्षी अभिनेताओं को प्रेरित किया।

उन्होंने कहा, ”उन्होंने आपको विश्वास दिलाया कि आपका हुनर, आपकी अपनी पहचान और अपने वास्तविक व्यक्तित्व के प्रति ईमानदार रहना ही अपनी जगह बनाने के लिए पर्याप्त हो सकता है। हमने अपने बेहतरीन अभिनेताओं में से एक को खो दिया है। आपकी बहुत कमी खलेगी।” कंगना रनौत ने कहा कि पाटेकर को स्वस्थ देखकर उनके निधन की खबर विशेष रूप से स्तब्ध करने वाली है।

उन्होंने लिखा, ”यह बेहद दुखद और त्रासद खबर है, खासकर इसलिए क्योंकि नाना जी बिल्कुल फिट और स्वस्थ नजर आते थे। ॐ शांति।” रणवीर ंिसह और कियारा आडवाणी ने भी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पाटेकर की तस्वीर साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। ऋतिक रोशन ने कहा कि वह नाना के ”दमदार अभिनय, सहज हास्यबोध और अविस्मरणीय किरदारों” से हमेशा प्रेरणा लेते रहेंगे।

उन्होंने कहा, ”प्रिय नाना सर, आपकी आत्मा को शांति मिले। हमें इतना प्रामाणिक और मनोरंजक सिनेमा देने के लिए धन्यवाद… बड़े होते हुए पर्दे पर आपकी प्रतिभा को देखना अपने आप में अभिनय की एक मास्टरक्लास था।” इम्तियाज अली ने इंस्टाग्राम पर नाना की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ”कलाकार हमेशा जीवित रहता है।” भारतीय सिनेमा के सबसे र्चिचत अभिनेताओं में शामिल पाटेकर ने 1978 में ‘गमन’ से फिल्मों में कदम रखा था। उन्हें सफलता 1989 में आई ‘पंिरदा’ से मिली, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘अंगार’, ‘अपहरण’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘अब तक छप्पन’, ‘राजनीति’ और मराठी फिल्म ‘नटसम्राट’ शामिल हैं। पाटेकर को 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav