IAS एस. जयवर्धन को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय में बने उप सचिव

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Wed, 14 Oct 2026 05:11 PM
IAS एस. जयवर्धन को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय में बने उप सचिव
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी एस. जयवर्धन को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत 2014 बैच के आईएएस अधिकारी एस. जयवर्धन को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से चार वर्षों की अवधि के लिए या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

भारत सरकार ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार को सूचना भेजते हुए अधिकारी को जल्द कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार की ओर से छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को ई-मेल के माध्यम से नियुक्ति संबंधी निर्देश भेजे गए हैं। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि आईएएस एस. जयवर्धन को उनके वर्तमान दायित्वों से तत्काल मुक्त किया जाए, ताकि वे नई दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय में उप सचिव के पद पर अपना नया कार्यभार संभाल सकें। केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत हुई इस नियुक्ति में पदभार ग्रहण करने के लिए समय सीमा भी निर्धारित की गई है।

निर्देशों के अनुसार, अधिकारी को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoP&T) का नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य है। नियुक्ति संबंधी निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के खिलाफ केंद्रीय स्टाफिंग योजना से डिबार करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

इसका अर्थ है कि अधिकारी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से संबंधित अवसरों के लिए अयोग्य घोषित करने की कार्रवाई की जा सकती है। एस. जयवर्धन छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। राज्य सरकार की वर्ष 2026 की आईएएस सिविल लिस्ट में भी उनका नाम दर्ज है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group