भारतीय अभिनेत्री सेलीना जेटली ने पति पीटर हाग पर घरेलू हिंसा, आर्थिक नियंत्रण और बच्चों से दूर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। अभिनेत्री का दावा है कि वह अब भी अपने तीनों बेटों की कस्टडी के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रही हैं।
वह ऑस्ट्रिया से सिर्फ एक सूटकेस लेकर निकलीं। फिर एक बच्चे को खोने का दुख झेलना पड़ा। हालात तब और खराब हो गए, जब वह तलाक और बच्चों की कस्टडी की एक कड़वी लड़ाई में फंस गईं। अब वह उन बच्चों से जुड़े रहने के लिए संघर्ष कर रही हैं, जिन्हें उन्हें पीछे छोड़ना पड़ा था।
ऑस्ट्रियाई होटल व्यवसायी पीटर हाग के साथ 15 साल की शादी के बाद, अभिनेत्री सेलिना जेटली की जिंदगी का यह एक दृश्य है। उनके जीवन में एक बहुत ही दर्दनाक मोड़ आ गया है। अक्टूबर 2025 में, वह कुछ जरूरी दस्तावेज, अपनी दिवंगत मां की साड़ी और अपने साथ गहरे दिल के दर्द को लेकर मुंबई लौट आईं है।
लेकिन उनकी कहानी का सबसे दर्दनाक हिस्सा वह है, जिसमें उन्हें अपने तीन बेटों को छोड़कर आना पड़ा। सेलिना ने बताया कि 2017 में अपने बेटे शमशेर के जन्म के कुछ समय बाद ही, जन्मजात हृदय रोग (congenital heart condition) के कारण उन्होंने उसे खो दिया था।

उन्होंने यह भी बताया कि सितंबर 2025 में उन्हें तलाक के कागजात मिले, जबकि उन्हें लगा था कि वह अपनी शादी की सालगिरह का कोई तोहफा लेने जा रही हैं। उन्होंने अपनी बात में आर्थिक मामलों, संपत्ति और अपने बच्चों से मिलने के अधिकार को लेकर चिंताएं जताई हैं।
सेलीना ने दावा किया कि तलाक से जुड़ी पहली सुनवाई के दौरान जज ने दोनों को नवंबर तक आपसी सहमति से अलग होने का रास्ता तलाशने का समय दिया था। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्होंने पति से बच्चों के भविष्य और परिवार की स्थिति को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अलग होने की अपील की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि जब उन्होंने कानूनी लड़ाई का खर्च उठाने में परेशानी की बात कही, तो उन्हें अपने वकीलों से बात करने के लिए कहा गया। सेलीना का दावा है कि उनसे यह भी कहा गया कि पैसे कम पड़ने पर वह क्लीनर का काम कर सकती हैं। अभिनेत्री ने सवाल उठाया कि 15 साल की शादी और चार बच्चों के बाद क्या उनका रिश्ता इसी मोड़ पर पहुंचना था।