धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आदिम जाति विकास विभाग का नाम बदलकर जनजातीय कार्य विभाग किए जाने के निर्णय के विरोध में अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद, जिला धमतरी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम ज्ञापन सौंपा। परिषद ने शासन से विभाग का नाम पूर्ववत आदिम जाति विकास विभाग रखने की मांग की है।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग के नाम में आदिम जाति शब्द आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पहचान, प्राचीनता और सांस्कृतिक गौरव से जुड़ा हुआ है। ऐसे में विभाग का नाम बदलने के निर्णय से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज की पहचान, मान-सम्मान और ऐतिहासिक विरासत को ध्यान में रखते हुए शासन को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
परिषद ने इस निर्णय पर अपनी असहमति व्यक्त करते हुए इसे तत्काल वापस लेने और मुख्यमंत्री से इस विषय पर उचित पहल करने विभाग का नाम पूर्ववत यथावत रखने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद जिलाध्यक्ष मयाराम नागवंशी, महासचिव टोकेश्वर नेताम, संचालक रामलाल मंडावी, सुनील नागवंशी, ऋषभ कुमार उपस्थित रहे।