योगी का तीखा हमला: बोले- यूपी के लिए श्राप, सत्ता में आते ही मचाती है तबाही; कारसेवकों पर चलवाई थी गोली

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 02 Nov 2026 03:10 PM
योगी का तीखा हमला: बोले- यूपी के लिए श्राप, सत्ता में आते ही मचाती है तबाही; कारसेवकों पर चलवाई थी गोली
ऑडियो सुनें

यूपी के गोंडा में गौरा विधानसभा के तेजपुर में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। कहा कि सपा प्रदेश के लिए श्राप है। जब-जब वह सत्ता में आई, तबाही लेकर आई। पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू होते थे, त्योहारों से पहले ही लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगती थी। आज उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू से मुक्त है। मुख्यमंत्री ने दो नवंबर 1990 को अयोध्या में रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए तत्कालीन सपा सरकार को निशाने पर लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नवंबर 1990 को अयोध्या में तत्कालीन सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। आज भाजपा सरकार रामभक्तों पर फूलों की वर्षा कर रही है और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। पहले दुर्गा पूजा के पंडालों और धार्मिक आयोजनों को लेकर विवाद खड़े किए जाते थे। देवीपाटन मंडल में दुर्गा पूजा की अनुमति तक नहीं मिलती थी। कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाने की कोशिश होती थी। अब नवरात्र और कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं।

गरीबों और युवाओं के हक पर डाका डालने का आरोप

मुख्यमंत्री ने सपा सरकार पर गरीबों के हितों की अनदेखी और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि उस समय गरीबों के बच्चों की कोई कीमत नहीं थी। गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में अज्ञात बीमारी से बच्चों की मौतों के मामले सामने आते थे। स्वास्थ्य विभाग से पूछने पर भी बीमारी का पता नहीं चलता था। पिछली सरकार में गरीबों के हक पर डाका डाला जाता था और युवाओं के

रोजगार के अवसरों के साथ खिलवाड़ होता था।
उन्होंने 2016 के स्वच्छता सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि उस समय गोंडा की गिनती देश के सबसे गंदे शहरों में होती थी। सपा शासन में हुए खाद्यान्न घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में गरीबों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था। मौजूदा सरकार में राशन, रसोई गैस और आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।

दंगाइयों को संरक्षण देने वालों को बख्शेंगे नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दंगा करने वालों को सत्ता का संरक्षण मिलता था। अब कोई भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। प्रदेश में मजबूत कानून-व्यवस्था के कारण निवेश का माहौल बना है। गोंडा में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से सैकड़ों करोड़ की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है। पहले गोंडा के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी सपना थी, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार मिले और उन्हें काम की तलाश में दूसरे शहरों की ओर न जाना पड़े।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav