झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से आठ मजदूरों की मौत की सूचना है, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई। मशीन के लाइन से टकराने पर वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए।
मृतकों के नाम
- हरिराम गुर्जर (30), पुत्र शंकर लाल, निवासी हालेड़ा मंडावरा
- मंगलचंद (22), पुत्र गिरधारीलाल गुर्जर, निवासी हालेड़ा मंडावरा
- कालूराम गुर्जर (29), पुत्र भीखाराम गुर्जर, निवासी हालेड़ा मंडावरा
- पवन गुर्जर (23), पुत्र जगदीश गुर्जर, निवासी हालेड़ा मंडावरा
- विष्णु सैनी (38), पुत्र नानूराम सैनी, निवासी छापोली
- सुरेंद्र उर्फ सुरेश सैनी (30), पुत्र महावीर सैनी, निवासी छापोली
- मुकेश सैनी (27), पुत्र शंकरलाल सैनी, निवासी छापोली
- फतेहचंद सैनी (32), पुत्र जगदीश, निवासी छापोली
घायलों के नाम
- महेंद्र, पुत्र बनवारी लाल सैनी, निवासी छापोली
- गीता देवी (45), पत्नी मदन लाल मेघवाल, निवासी छापोली
- संतरा देवी (35), पत्नी सतीश मेघवाल, निवासी छापोली
- गिदाराम (45), पुत्र धन्नाराम सैनी, निवासी छापोली
- मंजू देवी (38), पत्नी राजेश कुमार, निवासी छापोली
मौके पर जुटे ग्रामीण, अधिकारी रवाना
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। झुंझुनूं के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके के लिए रवाना हुए हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य और स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता देने और घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं। गहलोत ने हादसे की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।