भुवनेश्वर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देशभर में राजनीतिक अशांति फैलाने के लिए झूठ बोलने और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। भाजपा सांसद ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनके सहयोगी उन ताकतों की ”अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा हैं, जो दुनियाभर में उथल-पुथल और अनिश्चितता के बीच भारत की तरक्की को बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं”।
त्रिवेदी ने कहा, ”देश के भीतर और बाहर मौजूद कुछ ताकतें भारत को विकसित होते हुए नहीं देखना चाहतीं। दुर्भाग्यवश, विपक्ष उनके हाथों का महज एक खिलौना बनकर रह गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अशांति फैलाने की कोशिश करके कांग्रेस और राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गए हैं।
उन्होंने कहा, ”राहुल जी, आप केवल अराजकता को बढ़ावा दे रहे हैं।” भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गांधी का यह दावा झूठा है कि कुछ अधिकारी उनके संपर्क में हैं और प्रधानमंत्री आवास के बाहर उन्हें हिरासत में लेने वाली पुलिस ने भी उनके मुद्दे का समर्थन किया था। त्रिवेदी ने दावा किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न की गई।