ओडिशा: भूस्खलन के बाद लापता 10 लोगों की तलाश तेज, कई एजेंसियां बचाव कार्य में जुटीं

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 03 Nov 2026 05:29 PM
ओडिशा: भूस्खलन के बाद लापता 10 लोगों की तलाश तेज, कई एजेंसियां बचाव कार्य में जुटीं
ऑडियो सुनें

ओडिशा सरकार ने मंगलवार को गंजाम-कंधमाल सीमा पर पहाड़ी गांव में भूस्खलन के बाद लापता हुए 10 लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया है। लापता हुए इन 10 लोगों की तलाश के लिए जमीन के भीतर की वस्तुओं का पता लगाने वाले रडार (जीपीआर) और अन्य विशेष उपकरणों की मदद ली जा रही है।

पिछले सप्ताह चक्रवात ‘अर्नब’ के दौरान बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद ये 10 लोग लापता हो गए थे। ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि गंजाम जिले के भंजनगर प्रखंड के गिड़ीपाबली गांव में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में तलाश और बचाव अभियान मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा।

मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ), रेलवे और अग्निशमन सेवाओं के 157 कर्मी अभियान में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि इनके अलावा 25 स्थानीय स्वयंसेवक और दिहाड़ी मजदूर भी तलाश अभियान में शामिल हैं।

पुजारी ने कहा कि लापता 10 लोगों का पता लगाने के लिए सभी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अग्निशमन सेवा के महानिदेशक एस. सारंगी ने बताया कि चार दिन से जारी तलाश और बचाव अभियान के दौरान रविवार को भूस्खलन में लापता हुए 12 लोगों में से दो के शव बरामद किए गए।

उन्होंने बताया, “पहाड़ियों से लुढककर मकानों पर गिरे विशाल पत्थरों को हटाने में कठिनाई हो रही है। आशंका है कि कुछ शव इन पत्थरों के नीचे दबे हुए हैं।” सारंगी ने बताया कि बचाव दल अब विशाल पत्थरों को तोड़ने के लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि क्षतिग्रस्त मकानों का मलबा हटाया जा सके। उन्होंने बताया कि अब तक बरामद शवों की पहचान गिड़ीपाबली गांव के सलमान प्रधान (29) और रवि मलिक (52) के रूप में हुई है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav