प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जमाकर्ताओं के साथ 120 करोड़ रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत बुधवार को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कई परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।ओ डिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद ईडी ने छापेमारी की ये कार्रवाई की।
ईडी के अनुसार, प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि ‘कल्पना फाइनेंशियल र्सिवसेज’ के नाम से संचालित एक धोखाधड़ी योजना के तहत आम लोगों को यह कहकर निवेश करने के लिए लुभाया गया कि उनके पैसे को शेयर बाजार की गतिविधियों में लगाया जाएगा और उन्हें हर महीने 3.5 से सात प्रतिशत तक का निश्चित मुनाफा मिलेगा। ईडी ने बताया कि इस योजना के प्रवर्तकों ने लोगों से लगभग 120 करोड़ रुपये जुटाए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही छापेमारी में ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुल 10 परिसरों को शामिल किया गया। इनमें कल्पना फाइनेंशियल और उसके निदेशक अमित मंडल के परिसर भी शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के निवासी मंडल को जनवरी में ओडिशा ईओडब्ल्यू ने गिरफ्तार किया था।