बस्तर जिले के जगदलपुर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक कपड़ा शोरूम की छत पर कर्मचारी दीपा सागर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने युवती के शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपा सागर ने 21 अक्टूबर को कपड़ा शोरूम में काम करना शुरू किया था। परिजनों के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनकी दीपा से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान उसने कहा था कि वह अभी बात नहीं कर सकती और बाद में फोन करेगी। यह व्यावसायिक परिसर भाजपा के पूर्व विधायक का बताया जाता है।
मृतका के परिजनों ने युवती के साथ दुष्कर्म (रेप) करने के बाद बर्बरतापूर्वक उसकी हत्या करने और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फंदे पर लटकाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस घटना के बाद परिजनों सहित स्थानीय वार्डवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को गुस्साए लोगों ने मृतका की तस्वीर हाथ में लेकर बाफना हाउस तक रैली निकाली और जमकर विरोध प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती बीते 21 अक्टूबर 2026 से जगदलपुर स्थित बाफना हाउस में काम करने जा रही थी। इस परिसर में कपड़े और ज्वेलरी का बड़ा व्यावसायिक कारोबार होता है। 2 नवंबर 2026 को बाफना हाउस परिसर में युवती का शव जमीन पर संदिग्ध हालत में पड़ा हुआ पाया गया था। शव के गले में चुन्नी का आधा टूटा हुआ फंदा लिपटा था, जबकि चुन्नी का शेष हिस्सा ऊपर लटक रहा था। घटना के बाद से ही परिजन इस मौत को आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर रहे थे। परिजनों ने जब अंतिम संस्कार से पूर्व शव की स्थिति देखी, तो उनके संदेह को बल मिला। इन निशानों और स्थिति को देखते हुए परिजनों ने आशंका जताई है कि प्रतिष्ठान के भीतर युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, विरोध करने पर उसकी हत्या की गई और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दुपट्टे के फंदे से लटका दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।