पंजाब को नशे से मुक्त करना है तो मुख्यमंत्री नशा नहीं कर सकता: राहुल गांधी

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 04 Nov 2026 03:15 PM
पंजाब को नशे से मुक्त करना है तो मुख्यमंत्री नशा नहीं कर सकता: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब में मादक पदार्थों से जुड़ी समस्या को ‘सबसे बड़ा मुद्दा’ करार देते हुए बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला और कहा कि यदि राज्य को नशे से मुक्त करना है तो मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी कहा कि वह मान के ”शराब पीने” के खिलाफ नहीं हैं और यह उनका यह निजी मामला है, लेकिन प्रदेश को ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो पंजाब के दर्द को महसूस कर सके।

राहुल गांधी ने संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा नशा है और आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले इसे खत्म करने का वादा किया था। उन्होंने कहा, ”पंजाब ने भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया। उनका वादा राज्य को नशा मुक्त करने का था। मैं पूछना चाहता हूं कि पंजाब के किस कोने से नशा खत्म हुआ है।

ये नशा नहीं हटा सकते हैं।” कांग्रेस नेता ने भगवंत मान के लोकसभा सदस्य रहने का उल्लेख करते हुए हुए कहा, ”भगवंत मान लोकसभा में हमारे पास बैठकर चुटकुले सुनाते थे। सुबह 11 बजे उनके मुंह से शराब की बू आती है। अगर वह शराब पीना चाहते हैं तो यह उनका निजी मामला है, लेकिन अगर आप नशे से लड़ना चाहते हैं तो आपका मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता है।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पंजाब को ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो राज्य के लिए संघर्ष करे और जिसकी पार्टी में पंजाब का दर्द समझने वाले लोग हों। राहुल गांधी ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में ‘फैशन’ बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सोच ने मूसेवाला को गोली मारी थी, वही सोच आज पूरे पंजाब में फैल गई है।

उन्होंने दावा किया कि जो भी पंजाब के लिए काम करना चाहता है, उसे डराया और धमकाया जाता है तथा सरेआम गोली मार दी जाती है।
कांग्रेस नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि शाह ने पंजाब में तीन साल के भीतर नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन केंद्र की सरकार तो एक साल में ही निपट जाएगी।

उन्होंने सवाल किया कि गुजरात में उद्योगपति (गौतम) अदाणी के बंदरगाह पर मादक पदार्थ पकड़े गए, लेकिन इस मामले में अमित शाह ने क्या कार्रवाई की। राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह कानून-व्यवस्था की बात करते हैं, लेकिन उन्होंने गैंगस्टर पाल रखे हैं और यह बात पूरा देश जानता है।

उन्होंने कहा कि यदि शाह को कानून-व्यवस्था की बात करनी है तो मणिपुर का भी जिक्र करना चाहिए। राहुल गांधी ने पंजाब सरकार के संचालन को लेकर भी आप पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार दिल्ली से नहीं चलनी चाहिए, बल्कि उसे पंजाब से ही चलाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ”हमारी पार्टी पंजाब की सरकार को पंजाब से चलाती है। हमारा पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाब को चलाता है। अगर कांग्रेस पार्टी जीतती है तो कांग्रेस मुख्यमंत्री चुनती है और कहती है कि आप पंजाब को चलाओ।” गांधी ने आरोप लगाया कि पंजाब की मौजूदा सरकार की आधी लगाम अमित शाह और आधी अरंिवद केजरीवाल के हाथ में है तथा राज्य को दिल्ली से चलाया जा रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav