DU Recruitment 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय ने सीनियर असिस्टेंट और असिस्टेंट के कुल 126 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले अंतिम तारीख 9 नवंबर 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दिया गया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 अक्तूबर 2026 से शुरू हुई थी। इच्छुक उम्मीदवार विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट du.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं।
कितने पदों पर होगी भर्ती?
सीनियर असिस्टेंट के 46 पद (वेतन स्तर-6) और असिस्टेंट के 80 पद (वेतन स्तर-4) हैं। कुल पद 126 हैं।
सीनियर असिस्टेंट पद के लिए योग्यता
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ लेवल-4 में असिस्टेंट या समकक्ष पद पर कम से कम तीन वर्ष का अनुभव जरूरी है। उम्मीदवार को कंप्यूटर एप्लीकेशंस, नोट लेखन और प्रारूपण का ज्ञान होना चाहिए। अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष है।
असिस्टेंट पद के लिए योग्यता
असिस्टेंट पद के लिए मान्यता प्राप्त संस्थान से स्नातक होना जरूरी है। उम्मीदवार के पास विश्वविद्यालय, शोध संस्थान, केंद्र या राज्य सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या स्वायत्त निकाय में जूनियर असिस्टेंट या समकक्ष पद पर कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए। अंग्रेजी में 35 शब्द या हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति और कंप्यूटर संचालन का ज्ञान भी जरूरी है। अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष है।
आवेदन शुल्क
- सामान्य और अनारक्षित वर्ग: ₹1,000
- ओबीसी (गैर-क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवार: ₹800
- एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवार: ₹600
शुल्क जमा करने के बाद वापस नहीं होगा। अधूरी जानकारी या शुल्क के बिना जमा आवेदन अस्वीकार हो सकते हैं। जिन उम्मीदवारों ने 12 दिसंबर 2024 के विज्ञापन संख्या R&P/311/2024 के तहत आवेदन किया था, उन्हें इस भर्ती में शुल्क से छूट है।
सीनियर असिस्टेंट का चयन कैसे होगा?
सीधी भर्ती की प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसके आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। दूसरे चरण में मुख्य परीक्षा और कौशल परीक्षा होगी।
- प्रारंभिक परीक्षा: बहुविकल्पीय प्रश्नों वाली यह परीक्षा 2 घंटे 30 मिनट की होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, गणितीय योग्यता और उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रशासन से जुड़े 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके कुल अंक 200 हैं। इसके अंक अंतिम चयन में शामिल नहीं होंगे।
- मुख्य परीक्षा: यह वर्णनात्मक और दो घंटे की होगी। इसमें शैक्षणिक प्रशासन एवं प्रबंधन और उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू नियमों से जुड़े प्रश्न होंगे। परीक्षा 200 अंकों की है और इसी के आधार पर मेरिट बनेगी।
- कौशल परीक्षा: मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को इसमें बैठने का मौका मिलेगा। इसमें प्रशासनिक इकाइयों के प्रबंधन, कार्यालय प्रक्रिया नियमावली, सूचना प्रौद्योगिकी, टिप्पण लेखन और प्रारूपण से जुड़े कौशल परखे जाएंगे। यह 100 अंकों की होगी और पास होने के लिए कम से कम 50 अंक जरूरी हैं। यह केवल अर्हकारी प्रकृति की होगी।
आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार दिल्ली विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.du.ac.in पर जाएं। ‘विज्ञापन-डिपार्टमेंट’ के तहत ‘डीयू के साथ काम करें’ विकल्प में भर्ती की जानकारी उपलब्ध है। आवेदन से पहले पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा, शुल्क और चयन प्रक्रिया की शर्तें ध्यान से पढ़ लें। लगातार तकनीकी समस्या आने पर उम्मीदवार non_teaching_rec@admin.du.ac.in पर ईमेल कर सकते हैं।