कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य सोनिया गांधी के जीवन से जुड़ी उनकी किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का आज नई दिल्ली में औपचारिक विमोचन समारोह हुआ। किताब इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।
कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी ने अपनी किताब में मेनका गांधी से मतभेद पर काफी लंबा किस्सा लिखा है। ये सिर्फ दो देवरानी-जेठानी का झगड़ा नहीं था, ये धीरे-धीरे पूरे परिवार में दरार बन गया।
सोनिया ने लिखा है कि मेनका से संजय गांधी की मुलाकात 1973 के आखिर में हुई थी। तब मेनका सिर्फ 17-18 साल की थीं, संजय से 10 साल छोटी थीं, अभी नाबालिग थीं। एक साल के अंदर ही दोनों की शादी हो गई। 1974 में मेनका 18 साल की उम्र में गांधी परिवार की छोटी बहू बनकर घर आईं।
सोनिया ने लिखा है, मेनका हंसमुख, जिंदादिल, बातूनी लड़की थीं, उनमें बहुत जोश था। शुरू में छोटी देवरानी का घर में आना उन्हें अच्छा लगा, ताजगी भरा लगा। प्रियंका अक्सर अपनी चाची के कमरे में जाकर उनकी कहानियां सुनती थीं।
फिर धीरे-धीरे मतभेद शुरू हुए।
पहला मतभेद – बहूरानी और छोटी बहू वाला संबोधन
सोनिया ने लिखा है कि घर का स्टाफ उन्हें बहूरानी कहता था और मेनका को छोटी बहू कहता था। सोनिया के हिसाब से ये सिर्फ परंपरागत संबोधन था। उनकी नजर में दोनों घर की बराबर बेटियां थीं, दोनों के लिए जगह थी। लेकिन सोनिया को लगता है कि मेनका इसे अपनी बेइज्जती समझती थीं, उन्हें लगता था कि उन्हें छोटा समझा जा रहा है।
दूसरा मतभेद – बोलचाल का तरीका
सोनिया ने लिखा है कि जब मेनका रूखा बोलती थीं, तो वो ज्यादातर शांति बनाए रखने के लिए चुप रह जाती थीं। लेकिन जब बात हद से ज्यादा बढ़ जाती थी, तो वो भी कड़क जवाब दे देती थीं।
उन्होंने लिखा है कि संजय और मेनका के बीच झगड़े भी बढ़ने लगे। दोनों की बहस…1/2
कमरे से बाहर आने लगी, आवाज ऊंची होने लगी। सोनिया का दावा है कि गुस्से में मेनका कभी-कभी गालियां भी दे देती थीं, इंदिरा गांधी के सामने भी। सोनिया ने लिखा है, इससे संजय को शर्मिंदगी होती थी, और घर के बाकी लोगों को झटका लगता था।
तीसरा मतभेद – संजय की राजनीति
सोनिया ने लिखा है कि इंदिरा गांधी को लगता था कि मेनका संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षा को रोकने के बजाय उसे और बढ़ावा दे रही हैं। इंदिरा ने तब के कैबिनेट सचिव पी एन धर से मेनका के बारे में कहा था, उसके अभी से पर निकलने लगे हैं।
इसका असर राजीव और संजय के रिश्ते पर भी पड़ा। सोनिया ने लिखा है कि दोनों भाई पहले लगभग अटूट थे, एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे। लेकिन मेनका के आने के बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ने लगीं।
राजीव को तब ज्यादा चोट लगी जब किसी दोस्त ने बताया कि मेनका ने कहा है कि राजीव संजय की बढ़ती राजनीतिक ताकत से जलते हैं। राजीव जो पायलट की नौकरी में खुश थे, राजनीति से दूर रहना चाहते थे, उन्हें ये बात बहुत बुरी लगी।
चौथा मतभेद – 1978 के चुनाव की हार
सोनिया ने लिखा है कि 1978 के चुनाव में हार के बाद राजीव ने संजय को जिम्मेदार ठहराया। राजीव को लगता था कि संजय की जिद, जल्दबाजी, बिना सोचे-समझे फैसले लेने की आदत और मां को बताए बिना फैसले लेने से पार्टी को नुकसान हुआ।
एक बार परिवार की बहस में राजीव ने संजय से गुस्से में कहा था, मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता संजय, तुमने मां को इस हाल में पहुंचा दिया है।
पांचवां मतभेद – पत्रकारों को कहानियां देना
सोनिया ने अपनी किताब में मेनका पर सबसे गंभीर आरोप यही लगाया है। उन्होंने लिखा है, मेनका की नजर में हम दुश्मन थे। वो अपने संपर्क वाले पत्रकारों के जरिए हमारे बारे में कहानियां फैलाती थीं।
सबसे ज्यादा चोट पहुंचाने वाली बात ये थी कि मेनका ने ये फैलाया कि 1977 में चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भागना चाहते थे। सोनिया ने लिखा है कि ये सरासर झूठ था, और इससे उन दोनों को बहुत दुख हुआ।
आखिरी टूट – संजय की मौत के बाद
23 जून 1980 को संजय गांधी की विमान हादसे में मौत हो गई। तब मेनका सिर्फ 23 साल की थीं, और उनका बेटा वरुण सिर्फ 3 महीने का था।
सोनिया ने लिखा है कि इसके बाद मेनका की मां संजय के समर्थकों को मेनका को राजनीति में जगह दिलाने के लिए उकसा रही थीं। लेकिन इंदिरा गांधी को लगता था कि 23 साल की मेनका अभी बहुत छोटी और अनुभवहीन हैं, उन्हें अभी अपने बच्चे पर ध्यान देना चाहिए, नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं लेनी चाहिए।
फिर मार्च 1981 में वरुण के पहले जन्मदिन का जश्न वसुंधरा राजे के घर पर मनाया गया। सोनिया ने लिखा है कि वसुंधरा राजे आरएसएस समर्थक थीं और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरोधी थीं। इससे इंदिरा को और बुरा लगा।
इसके बाद मेनका ने इंदिरा के लंदन में होने के दौरान अपना सामान घर से निकालना शुरू कर दिया। इंदिरा के लौटने पर उन्होंने मेनका से कहा कि या तो अपना व्यवहार बदलो, या कहीं और रहो।
सोनिया ने लिखा है कि मेनका ने इसका जवाब इंदिरा पर आरोप लगाकर दिया, और उन्होंने एक पत्रकार दोस्त के साथ मिलकर अपने घर छोड़ने की योजना पहले से ही बना रखी थी।
इसी के साथ मेनका गांधी ने 1981 में गांधी परिवार का घर छोड़ दिया।
सोनिया ने इस पूरे किस्से को अपनी किताब में रियलिटी शो जैसा बताया है।
दूसरी तरफ मेनका गांधी ने 2003 में सिमी गरेवाल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वो और सोनिया दो अलग-अलग विचारधारा की थीं। मेनका ने कहा था कि सोनिया बहुत वेस्टर्न थीं, उनके वेस्टर्न दोस्त थे, घूमना-फिरना, शॉपिंग करना उन्हें पसंद था, जबकि मेनका को किताबें पढ़ना पसंद था।