Bharat Mandapam 16वीं सदी की स्वर्ण अक्षरों वाली गीता बनी आकर्षण, भारत मंडपम में दिखी छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Mon, 23 Nov 2026 09:16 PM
Bharat Mandapam 16वीं सदी की स्वर्ण अक्षरों वाली गीता बनी आकर्षण, भारत मंडपम में दिखी छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत
ऑडियो सुनें

छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत इन दिनों नई दिल्ली के भारत मंडपम में लोगों के बीच खास पहचान बना रही है। इस आयोजन में भारत के 45वें अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी दुर्लभ पांडुलिपियों के साथ कई प्राचीन ग्रंथ भी शामिल किए गए है। इसमें 16वीं की स्वर्ण अक्षरों वाली श्रीमद्भगवद्गीता और 1735 का ऐतिहासिक मराठाकालीन ताम्रपत्र खास हैं।

रानी दुर्गावती के दौर की है स्वर्ण अक्षरों वाली गीता

आयोजन में रखी गई 16वीं शताब्दी की श्रीमद्भगवद्गीता की पांडुलिपि लोगो के बीच चर्चा का विषय है। इसे स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है और यह गोंडवाना की शासिका रानी दुर्गावती के समकालीन कालखंड से संबंधित है। यह प्रदेश की प्राचीन साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के साथ उस समय की उत्कृष्ट लेखन कला की भी झलक प्रस्तुत करती है। इसके अलावा प्रदर्शनी में वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी रखा गया है, जो उस दौर की अभिलेखीय परंपरा और ऐतिहासिक घटनाओं के दस्तावेजीकरण की जानकारी देता है

धार्मिक और चिकित्सा से जुड़े पुराने ग्रन्थ भी प्रदर्शित

राज्य सरकार के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय द्वारा इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यहां रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड से संबंधित पांडुलिपियां भी रखी गई हैं। इसमें विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड से संबंधित पांडुलिपियों के साथ राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष शास्त्र, आयुर्वेद तथा धार्मिक एवं साहित्यिक विषयों से जुड़े हस्तलिखित ग्रंथ शामिल हैं। ये प्राचीन दस्तावेज छत्तीसगढ़ की ज्ञान परंपरा और ऐतिहासिक समृद्धि को दर्शाते हैं।

ताड़पत्रों पर लिखी प्राचीन पांडुलिपियां भी शामिल

इस आयोजन में ताड़पत्रों पर लिखी गई प्राचीन पांडुलिपियां भी लोगों के लिए आकर्षण का विषय हैं। पुराने समय में कागज के प्रचलन से पहले महत्वपूर्ण ग्रंथों और जानकारियों को ताड़पत्रों पर लिखा जाता था। वहीं ताम्रपत्रों का इस्तेमाल राजकीय आदेशों, महत्वपूर्ण अभिलेखों और ऐतिहासिक विवरणों को दर्ज करने के लिए किया जाता था। वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र इसी प्राचीन अभिलेखीय परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

युवाओ को प्रदेश की समृद्ध विरासत की जानकारी दे रहा यह आयोजन

यह प्रयास छत्तीसगढ़ की उस समृद्ध विरासत को सामने ला रहा है, जिसमे लोककला और जनजातीय संस्कृति के आलावा साहित्य, धार्मिक परंपराओं, एतिहासिक और पारंपरिक ज्ञान को भी प्रमुखता दी गई है। सदियों पुराने ग्रंथो और ताम्रपत्रों के जरिए प्रदेश के अतीत की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही इनके संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 की पहली मंजिल पर 1000 वर्गमीटर में छत्तीसगढ़ पवेलियन तैयार किया गया है। यहां प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत के अलावा पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास से जुड़ी संभावनाओं को भी जगह दी गई है। इसका स्टॉल नंबर 4F-03-A है।

जूरी सदस्यों ने देखा छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति का प्रदर्शन

जूरी सदस्यों ने पवेलियन में प्रदर्शित कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को देखा। इसके साथ ही प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक गेंड़ी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया। पवेलियन के भ्रमण के दौरान जूरी सदस्यों को छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं, प्राचीन विरासत और स्थानीय शिल्पकला से रूबरू होने का अवसर मिला। उन्होंने स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों के बारे में भी जानकारी हासिल की।

27 नवंबर तक जारी रहेगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित 45वां अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 27 नवंबर तक चलेगा। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस मेले के माध्यम से छत्तीसगढ़ को अपनी ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विविधता और स्थानीय उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group