कोरबा. माँ सर्वमंगला की पावन धरा कोरबा के घंटाघर स्थित ओपन थिएटर में धर्मसेना, मातृशक्ति, दिलीप सिंह जूदेव सनातन फाउंडेशन एवं सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हिंदुत्व रक्षक सम्मान समारोह एवं सनातनी महासम्मेलन में 500 परिवारों की विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनके पूर्वजों के सनातन धर्म में घर वापसी कराई गई।
इस अवसर पर अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख एवं भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने पूज्य संतों, धर्माचार्यों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में पारंपरिक रीति से परिवारों के सदस्यों के चरण पखारकर उनका सम्मानपूर्वक सनातन धर्म में पुनः स्वागत किया।
महासम्मेलन में मुख्य वक्ता महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज, दीदी माँ प्रज्ञा भारती (प्रखर वक्ता), आचार्य राकेश महाराज (प्रांत संयोजक, धर्माचार्य एवं VHP मंडल सदस्य), डॉ. अशोक हीरवंश (प्रदेश प्रमुख, अखिल भारतीय संत समिति एवं संस्थापक, राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुआ धाम), पं. अजय उपाध्याय (अध्यक्ष, धर्म प्रचारक, चित्रकूट धाम), श्रीमती अंजू गबेल (प्रदेश संयोजिका एवं प्रदेश प्रमुख, घर वापसी धर्म जागरण मातृशक्ति) तथा ठाकुर राजकाड़े (समाजसेवी) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन श्री रवीन्द्र यादव ने किया।
इस दौरान पूज्य संतों ने अपने उद्बोधनों के माध्यम से सनातन संस्कृति, धार्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं हिंदू समाज की एकजुटता का संदेश दिया। मुख्य वक्ता महामंडलेश्वर स्वामी अनिलानंद महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म के प्रति अटूट निष्ठा रखनी चाहिए तथा अपनी धार्मिक परंपराओं, संस्कृति और संस्कारों को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सदैव सजग एवं प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि पूज्य पिताजी स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किया गया घर वापसी अभियान उनके विचारों, संकल्पों और जीवनपर्यंत समर्पण की प्रेरणादायी विरासत है। उन्हीं के बताए मार्ग पर चलते हुए पूज्य संतों के सानिध्य एवं आशीर्वाद से यह अभियान निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य किसी कारणवश धर्मांतरित हुए परिवारों का सम्मानपूर्वक उनकी मूल सनातन संस्कृति, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत से पुनः जुड़ाव सुनिश्चित करना है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने धर्म स्वातंत्र्य विधेयक, 2026 विधानसभा से पारित कराया है। यह अवैध धर्मांतरण के विरुद्ध कठोर कानूनी प्रावधानों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। छल, कपट, प्रलोभन अथवा दबाव के माध्यम से अवैध धर्मांतरण कराने वालों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “अब छत्तीसगढ़ में छल, कपट, प्रलोभन या दबाव के माध्यम से अवैध धर्मांतरण कराने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित होगी। विष्णु के सुशासन में अवैध धर्मांतरण कराने वालों पर विष्णु का सुदर्शन चलेगा।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिकों, मातृशक्ति, पूज्य संतों एवं सनातन धर्मावलंबियों की सहभागिता रही।