1 दिसंबर से बदल रहे हैं नियम: एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड, एनपीएस और कमोडिटी ट्रेडिंग में बड़े बदलाव

एक दिसंबर से एसबीआई कार्ड, आईसीआईसीआई बैंक, एनपीएस और कमोडिटी डेरिवेटिव्स से जुड़े नए नियम लागू होंगे; इनका असर क्रेडिट कार्ड यूजर्स से लेकर निवेशकों और कारोबारियों तक पर पड़ेगा।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sun, 29 Nov 2026 09:19 PM
1 दिसंबर से बदल रहे हैं नियम: एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड, एनपीएस और कमोडिटी ट्रेडिंग में बड़े बदलाव
ऑडियो सुनें

1 दिसंबर से बदल रहे हैं नियम:  दिसंबर का महीना शुरू होने में 48 घंटे से कम का समय बचा है। इसके साथ ही क्रेडिट कार्ड, एनपीएस और कमोडिटी ट्रेडिंग समेत कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।

एसबीआई कार्ड यूजर्स को झटका

एक दिसंबर से एसबीआई कार्ड यूजर्स को ट्रांसपोर्टेशन और पेट्रोल पंप पर ईंधन के 30,000 रुपये से ज्यादा के हाई-वैल्यू लेनदेन पर एक प्रतिशत फीस देनी होगी। अगर एक बिलिंग साइकिल में ईंधन और ट्रांसपोर्टेशन पर खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा होता है, तो यूजर्स से एक प्रतिशत की अतिरिक्त फीस ली जाएगी।

एचडीएफसी बैंक ने भी बदले नियम

एचडीएफसी बैंक बिजब्लैक मेटल क्रेडिट कार्ड धारकों को अब एक्सेलरेटेड रिवॉर्ड पाने के लिए हर स्टेटमेंट चक्र में कम से कम 50,000 रुपये की खुदरा खरीदारी करनी होगी। बैंक ने वाउचर के लिए तिमाही खर्च की सीमा को 5 लाख रुपये से घटाकर 4 लाख रुपये कर दिया है। ये बदलाव 21 दिसंबर 2026 से प्रभावी होंगे।

आईसीआईसीआई बैंक के नए नियम

एक दिसंबर से आईसीआईसीआई बैंक के बचत खाता ग्राहकों को हर महीने तीन निःशुल्क नकद जमा और तीन निःशुल्क नकद निकासी की सुविधा मिलती रहेगी। लेकिन जमा और निकासी की 1 लाख रुपये प्रति माह की मुफ्त सीमा पार होने पर 1,000 रुपये के ट्रांजैक्शन पर 4 रुपये या 150 रुपये, जो भी ज्यादा हो, चार्ज लगेगा। पहले यह शुल्क 3.50 रुपये प्रति 1,000 रुपये था।

इसके अलावा बैंक ने कुछ चुनिंदा डेबिट और क्रेडिट कार्डों पर मिलने वाले मुफ्त आईनॉक्स बेनिफिट्स 15 दिसंबर 2026 से बंद कर दिए हैं। इसी तारीख से कुछ चुनिंदा क्रेडिट कार्डों के साथ मिलने वाले कॉम्प्लिमेंट्री इंश्योरेंस लाभ भी बंद हो जाएंगे। 11 दिसंबर 2026 से क्रेडिट कार्ड रिप्लेसमेंट फीस 200 रुपये + जीएसटी से बढ़कर 300 रुपये + जीएसटी हो जाएगी। इसी दिन से बैंक ‘प्रायोरिटी पास’ क्रेडिट कार्ड पर भी रिप्लेसमेंट फीस लागू करेगा।

एनपीएस की स्कीमों में बदलाव

पीएफआरडीए ने नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) के तहत योजनाओं के वर्गीकरण और प्रस्तुति के ढांचे में संशोधन किया है। इससे साफ होता है कि ‘मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क’ (एमएसएफ) योजनाओं के नाम कैसे रखे जाएं और एनपीएस खाता खोलने के लिए सब्सक्राइबर्स जिन वेबसाइटों और प्लेटफॉर्मों का इस्तेमाल करते हैं, उन पर इन्हें कैसे दिखाया जाए। यह बदलाव एक दिसंबर से लागू होगा।

कमोडिटी डेरिवेटिव्स के मार्जिन में बदलाव

सेबी के सर्कुलर के मुताबिक, संशोधित ढांचे में कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम शुरुआती मार्जिन 6 प्रतिशत तय किया गया है। मध्यम और अधिक उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए यह क्रमशः 8 और 10 प्रतिशत होगा।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news