दिल का दौरा पड़ने के बाद राजू श्रीवास्तव एम्स में भर्ती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Aug 2022 08:40 PM
दिल का दौरा पड़ने के बाद राजू श्रीवास्तव एम्स में भर्ती
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. जाने-माने हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ने के बाद बुधवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया और वह इस समय सीसीयू (कोरोनरी केयर यूनिट) में हैं. अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी. 58 वर्षीय श्रीवास्तव को पूर्वाह्न करीब पौने 11 बजे एम्स के आपातकालीन इकाई में ले जाया गया. सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि श्रीवास्तव को आपात स्थिति में एंजीयोग्राफी के लिए कैथीटेराइजेशन प्रयोगशाला ले जा गया और उन्हें सीसीयू में भर्ती किया गया है. श्रीवास्तव का इलाज डॉ. नितीश नाइक की निगरानी में किया जा रहा है.

श्रीवास्तव के रिश्ते के भाई अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि हास्य कलाकार को व्यायाम करते समय दिल का दौरा पड़ा. उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘वह नियमित व्यायाम कर रहे थे और ट्रेडमिल पर दौड़ते समय, वह अचानक गिर गए. उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें तत्काल एम्स अस्पताल ले जाया गया.’’ अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि उनके भाई श्रीवास्तव की पत्नी शिखा श्रीवास्तव भी दिल्ली आ गई हैं, ताकि वह अपने पति के पास रह सकें.

इससे पहले, हास्य कलाकार सुनील पाल ने बताया कि उनके मित्र श्रीवास्तव के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है. पाल ने मीडिया के साथ साझा किए गए वीडियो में कहा, ‘‘वह अब बेहतर हैं और खतरे से बाहर हैं.’’ उन्होंने शुभकामनाएं देने के लिए श्रीवास्तव के प्रशंसकों को धन्यवाद दिया.

श्रीवास्तव मनोरंजन उद्योग में 1980 के दशक के अंत से सक्रिय हैं, लेकिन वह ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद लोकप्रिय हुए. उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बॉबे टू गोवा’ और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ में अभिनय किया. श्रीवास्तव ने ‘बिग बॉस’ सीजन तीन में भी भाग लिया था. इस समय श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu