राजू श्रीवास्तव की हालत में कोई सुधार नहीं, अब भी जीवनरक्षक प्रणाली पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Aug 2022 07:09 PM
राजू श्रीवास्तव की हालत में कोई सुधार नहीं, अब भी जीवनरक्षक प्रणाली पर

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकप्रिय हास्य कलाकार-अभिनेता राजू श्रीवास्तव की स्थिति में कोई सुधार नहीं है और वह अब भी यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं. अस्पताल के सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी. श्रीवास्तव (58) को बुधवार को दिल का दौरा पड़ने के बाद एम्स में भर्ती किया गया था. उसी दिन उनकी ‘एंजियोप्लास्टी’ की गई थी.

सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”श्रीवास्तव की हालत नाजुक है और वह जीवनरक्षक प्रणाली पर हैं. उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं है. वह अब भी बेहोश हैं. दिल का दौरा पड़ने के बाद उनके मस्तिष्क को क्षति पहुंची है.” शुक्रवार को श्रीवास्तव के परिवार ने उनके इंस्टाग्राम पेज पर एक आधिकारिक बयान जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि उनकी हालत ”स्थिर” है.

परिवार ने बयान में कहा था, ”राजू श्रीवास्तव जी की हालत स्थिर है. हम उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं और अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं. निरंतर प्रेम और समर्थन के लिए सभी शुभंिचतकों को धन्यवाद.” परिजनों ने लोगों से ‘‘किसी भी अफवाह अथवा गलत खबर पर ध्यान नहीं देने’’ का भी अनुरोध किया था. यहां एक होटल के जिम में व्यायाम के दौरान कॉमेडियन को दिल का दौरा पड़ा था.

श्रीवास्तव, 1980 के दशक के अंत से मनोरंजन जगत में सक्रिय रहे हैं. उन्हें 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ के पहले सीजन में भाग लेने के बाद पहचान मिली थी. उन्होंने ‘मैंने प्यार किया’, ‘बाजीगर’, ‘बॉम्बे टू गोवा’ (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है. वह ‘बिग बॉस’ सीजन तीन के प्रतियोगियों में से एक थे. श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu