लंदन. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक चुनाव प्रचार मुहिम के कारण अत्यधिक व्यस्तता के बीच समय निकालकर जन्माष्टमी मनाने के लिए लंदन के बाहरी इलाके में स्थित हरे कृष्ण मंदिर गए. सुनक (42) ने ‘हाउस आॅफ कॉमन्स’ का सदस्य बनने पर ‘भगवद्गीता’ के नाम पर शपथ ग्रहण की थी. उन्होंने कई बार कहा है कि ंिहदू धर्म में आस्था से उन्हें ताकत मिलती है.
सुनक ने अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ हर्टफोर्डशायर स्थित वाटफोर्ड में भक्तिवेदांत मनोर में बृहस्पतिवार को दर्शन किए. अक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति एवं लेखिका-परोपकारी सुधा मूर्ति की बेटी हैं. सुनक ने प्रार्थना करते हुए अपनी और अपनी पत्नी की तस्वीर ट्वीट की और लिखा कि वह अपनी पत्नी अक्षता के साथ जन्माष्टमी से पहले भक्तिवेदांत मनोर मंदिर में यह त्योहार मनाने गए.
भक्तिवेदांत मनोर ब्रिटेन में ‘इंटरनेशनल सोसाइटी आॅफ कृष्णा कॉन्शियसनेस’ (इस्कॉन) के प्रमुख केंद्रों में से एक है, जिसे बीटल्स संगीतकार जॉर्ज हैरिसन ने दान किया था. टोरी के नेतृत्व की दौड़ में सुनक का समर्थन कर रहे कंजर्वेटिव पार्टी के नेता एवं हर्ट्समेरे से सांसद ओलिवर डोडेन ने कहा, ‘‘भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाने वाले ंिहदू त्योहार जन्माष्टमी के लिए हर्ट्समेरे के भक्तिवेदांत मनोर मंदिर में आज ऋषि सनक का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है. हर्ट्समेरे में सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं.’’ चिकित्सक यशवीर और फार्मासिस्ट ऊषा सुनक के पुत्र ऋषि सुनक का जन्म ब्रिटेन में हुआ. वह ंिहदू धर्म में आस्था रखते हैं और ब्रिटेन में भारतीय मूल के पहले चांसलर के रूप में 11 डाउंिनग स्ट्रीट के बाहर दीपावली पर दीये जलाने को अपने जीवन के ‘‘सबसे गौरवपूर्ण क्षणों’’ में से एक मानते हैं.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की दौड़ में बने रहने को लेकर उत्साहित हूं: सुनक
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक ने कहा है कि वह दौड़ में बने रहने को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने यह बात पार्टी के मतदाताओं के सर्वेक्षण में अपनी प्रतिद्वंद्वी लिज ट्रस से पिछड़ने के बाद कही. पूर्व वित्त मंत्री सुनक ने ‘आईटीवी’ चैनल को बृहस्पतिवार को दिए साक्षात्कार में कहा कि उन्हें ”निश्चित रूप से” जीत मिलेगी. उन्होंने दोहराया कि उनकी प्रतिद्वंद्वी की तत्काल कर-कटौती योजना अर्थव्यवस्था के लिए महंगी साबित होगी.
भारतीय मूल के ब्रिटिश नेता सुनक ने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री पद की दौड़ में बने रहने को लेकर उत्साहित हूं, मुझे लगता है कि मेरे विचार सही हैं.” इससे पहले बृहस्पतिवार को ‘स्काई न्यूज’ के लिए यूजीओवी सर्वेक्षण में कहा गया है कि ट्रस ने इस दौड़ में 32 अंक की बढ़त बना रखी है. बोरिस जॉनसन के मंत्रिमंडल के सदस्य रह चुके सुनक ने ‘आईटीवी’ पर व्यापक चर्चा के दौरान स्वीकार किया कि यह “थोड़ा अजीब” था कि जॉनसन ने पिछले महीने टोरी नेता और ब्रिटिश प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा देने की घोषणा करने में देरी की.
उन्होंने जुलाई के अंत में ‘डाउंिनग स्ट्रीट’ में हुए नाटकीय घटनाक्रम की ओर इशारा करते हुए कहा कि अंतिम दिनों में जो कुछ हुआ वह थोड़ा अजीब था. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इसे देखने वाले लोग सोच रहे होंगे कि यह क्या हो रहा है.’’ इस घटनाक्रम के बाद जॉनसन ने इस्तीफा देने की घोषणा की थी और उनकी जगह नए प्रधानमंत्री के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई थी. जॉनसन के इस्तीफे से पहले ही सुनक वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके थे.