पति का साथ देने के लिए रूसी गायिका ने खुद को भी ‘विदेशी एजेंट’ घोषित करने को कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Sep 2022 09:27 PM
पति का साथ देने के लिए रूसी गायिका ने खुद को भी ‘विदेशी एजेंट’ घोषित करने को कहा
ऑडियो सुनें

मास्को. प्रख्यात रूसी गायिका अल्ला पुगाचेवा ने कहा है कि वह रूस की ‘‘विदेशी एजेंट’’ की सूची में अपना नाम चाहती हैं, क्योंकि उनके पति को इस सूची में डाला गया है. पुगाचेवा सोवियत रूस के जमाने से ही एक लोकप्रिय गायिका हैं. पुगाचेवा ने रविवार को इंस्टाग्राम पर यह बयान दिया, जिसे एक बड़ी हस्ती द्वारा रूसी सरकार की आलोचना के तौर पर देखा जा रहा है. हाल के कुछ वर्षों में रूस में असहमति के स्वर को दबाने के प्रयास किये गए हैं, जिसके विरोध में गायिका ने बयान दिया है.

पुगाचेवा के पति, गायक और टीवी प्रस्तोता मैक्सिम गलकिन ने यूक्रेन पर रूस के हमले की आलोचना की थी, जिसके लिए उन्हें शनिवार को ‘‘विदेशी एजेंट’’ करार दिया गया था. रूस के न्याय मंत्रालय का आरोप है कि गलकिन ने यूक्रेन से पैसे लेकर उसकी ओर से देश में राजनीतिक गतिविधियां चलाईं. पुगाचेवा ने गलकिन को एक ‘‘सच्चा और निष्ठावान देशभक्त’’ करार दिया.

गायिका ने कहा कि गलकिन ‘‘भ्रामक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए (युद्ध में) भेजे जा रहे सैनिकों की मौत’’ के सिलसिले का अंत चाहते हैं. रूस के कानून के मुताबिक विदेश से पैसे लेकर राजनीतिक गतिवधि करने वाले संगठनों और लोगों को विदेशी एजेंट घोषित कर दिया जाता है. इससे व्यक्ति की छवि पर एक दाग लग जाता है और सरकार उस पर बराबर नजर रखती है. पुगाचेवा (73) को भावप्रधान गायन के लिए जाना जाता है. वह 1970 के दशक में खासी लोकप्रिय रहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu