रायपुर: अधूरे बने स्काईवॉक पर हंगामा मचाने के बाद एक व्यक्ति नीचे कूदा, घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Apr 2022 09:07 PM
रायपुर: अधूरे बने स्काईवॉक पर हंगामा मचाने के बाद एक व्यक्ति नीचे कूदा, घायल
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार को 35 वर्षीय एक व्यक्ति अधूरे बने स्काईवॉक पर चढ़ गया और करीब एक घंटे तक हंगामा मचाने के बाद वह वहां से कूद गया. पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है. रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि यहां डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल के समीप अधूरे बने स्काई वॉक पर आज मध्यप्रदेश के सतना जिले का सुजीत कुमार चढ़ गया और देर तक हंगामा मचाने के बाद वह वहां से कूद गया. पुलिस के अनुसार कुमार को कमर में चोट लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि कुमार शराब पीने का आदी है तथा वर्ष 2003 से वह सतना में मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा है, वह मिर्गी से भी पीड़ित हैं. उन्होंने बताया कि कुमार की पत्नी सुमन उसे छोड़कर रायपुर जिले के मंदिर हसौद क्षेत्र में अपने मायके में रह रही है. इस दंपत्ति के तीन बच्चे हैं तथा सभी सतना में रहते हैं.

अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिली है कि लगभग पांच दिन पहले कुमार अपनी पत्नी को वापस लेने के लिए मंदिर हसौद पहुंचा था लेकिन उसने साथ जाने से मना कर दिया जिसके बाद कुमार रायपुर लौट आया था. उन्होंने बताया कि रविवार रात को कुमार को राजधानी में मिर्गी का दौरा पड़ा जिसके बाद उसे एंबुलेंस से डॉक्टर भीमराव अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार सुबह उसने अपना सामान और प्रमाण पत्र मांगते हुए अस्पताल में हंगामा कर दिया. पुलिस के मुताबिक उसके बाद वह अस्पताल से भाग गया और सामने अधूरे बने स्काईवॉक पर चढ़ गया एवं वहां कुमार ने चिल्लाना शुरू कर दिया.

उन्होंने बताया कि जब इस घटना की जानकारी मिली तब दमकल विभाग और पुलिस के दल को मौके पर रवाना किया गया एवं इलाके के कुछ जनप्रतिनिधि भी वहां पहुंच गए थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कुमार को नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन वह स्काई वॉक पर दौड़ने लगा और उल्टा लटक गया एवं बाद में वह 7-8 फीट की ऊंचाई से कूद गया जिससे उसके कमर में चोट लग गई.

उन्होंने बताया कि वहां मौजूद पुलिस दल ने कुमार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया , उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुमार के परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दे दी गई है. आज रात तक उनके रायपुर पहुंचने की संभावना है. भारतीय जनता पार्टी की पिछली सरकार ने रायपुर शहर में पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए जयस्तंभ चौक से अंबेडकर अस्पताल तक ‘स्काईवॉक’ का निर्माण शुरू किया था. राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इसका निर्माण रोक दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu