छत्तीसगढ़: दुर्ग में सर्राफा व्यापारी की हत्या के आरोप में उप्र से चार लोग गिरफ्तार

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 22 Oct 2022 04:30 PM
छत्तीसगढ़: दुर्ग में सर्राफा व्यापारी की हत्या के आरोप में उप्र से चार लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या और लूट के मामले में चार आरोपियों को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले के अमलेश्वर गांव में सर्राफा व्यापारी सुरेंद्र कुमार सोनी (52) की गोली मारकर हत्या और लूट के मामले में चार आरोपियों बिहार के गया जिले के निवासी सौरभ कुमार ंिसह (24), उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के निवासी अभय कुमार भारती (18), छपरा जिले के निवासी आलोक कुमार यादव (18) और मुजफ्फरपुर जिले के निवासी अभिषेक कुमार झा (30)को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस को बृहस्पतिवार को जानकारी मिली थी कि दो व्यक्ति अमलेश्वर गांव के तिरंगा चौक स्थित समृद्धि ज्वेलर्स पहुंचे और संचालक सोनी से जेवर देखने लगे। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद उन्होंने सोनी के साथ मारपीट की और बाद में देसी कट्टे से लगातार गोलीबारी कर सोनी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद बदमाश दुकान में रखे आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा घायल सोनी को रायपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और प्रारंभिक जांच के दौरान जब दुकान का सीसीटीवी फुटेज देखा तब जानकारी मिली कि आरोपियों में से एक व्यक्ति का दायां हाथ कटा हुआ है और उसने बाएं हाथ से सोनी पर गोलीबारी की है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से देसी कट्टे के तीन खोखे बरामद किये और रायपुर में आरोपियों की मोटरसाइकिल भी बरामद की जिसमें झारखंड का नंबर लिखा हुआ था। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली और जानकारी मिली कि इस घटना में कुल चार आरोपी शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के भागने वाले संभावित रास्तों और टोल नाकों में लगे सीसीटीवी फूटेज की जांच की तब जानकारी मिली वे एक कार से वाराणसी की ओर गये हैं। उन्होंने बताया कि बाद में छत्तीसगढ़ पुलिस ने उत्तर प्रदेश की पुलिस की मदद से सभी को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस ने उनसे सोने-चांदी के आभूषण बरामद किये है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक अभिषेक झा को 2021 में हत्या के मामले में रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि पेशी के दौरान वह अदालत से फरार हो गया था और तब से पुलिस को उसकी तलाश थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपियों ने कुछ स्थानीय लोगों की भी मदद ली थी। पुलिस जल्द ही इसका खुलासा करेगी।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav