ट्रेन के इंजन पर सेल्फी लेने चढ़े किशोर की करंट लगने से मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Apr 2022 08:07 PM
ट्रेन के इंजन पर सेल्फी लेने चढ़े किशोर की करंट लगने से मौत
ऑडियो सुनें

छतरपुर. मध्यप्रदेश के छतरपुर रेलवे स्टेशन पर खड़े ट्रेन के इंजन पर सेल्फी लेने चढ़े 16 वर्षीय एक किशोर की हाइटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई. रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को हुई. छतरपुर रेलवे स्टेशन मास्टर शुभांक पटेल ने शुक्रवार को बताया, ‘‘बृहस्पतिवार को सुहेल मंसूरी लोको इंजन पर चढ़कर सेल्फी ले रहा था, तभी हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई.’’

मृतक किशोर के साथी रहे अशरफ ने कहा, ‘‘सुबह हम लोग रेलवे स्टेशन घूमने आए. हम हाथ-मुंह धोने लगे और सुहेल मोबाइल मांग कर इंजन पर चढ़ गया. हमने देखा की उसे करंट ने खींच लिया. हम लोग तुरंत दौड़ कर गये , लेकिन तब तक वह मर चुका था.’’ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक लोको इंजन जो खड़ा था उस पर सेल्फी लेने सुहेल चढ़ गया. वहीं हाइटेंशन लाइन ऊपर थी, जैसे ही उसने इस लाइन को पकड़ा, वह जल गया.’’ उन्होंने कहा कि उसका इंजन पर चढ़ना ही गलत था.

कुमार ने बताया कि इस घटना से आक्रोशित होकर दो-तीन किशोरों ने स्टेशन मास्टर के कार्यालय का दरवाजा तोड़ दिया और स्टेशन मास्टर पटेल के साथ मारपीट करने के साथ-साथ घड़ी और बैग भी उनसे छीन लिए. उन्होंने कहा कि हालांकि पुलिस ने जल्द ही स्थिति को काबू में कर लिया और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. कुमार ने बताया कि इस संबंध में सिविल लाइन पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu