छत्तीसगढ़: नयी नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, कोई हताहत नहीं

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 15 Dec 2022 01:03 PM
छत्तीसगढ़: नयी नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत ट्रेन पर पथराव, कोई हताहत नहीं

ऑडियो सुनें

रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अज्ञात लोगों ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव कर खिड़कियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। रेल विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। रेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) के अंतर्गत रायपुर रेलवे डिवीजन के दुर्ग और भिलाई नगर रेलवे स्टेशनों के मध्य अज्ञात लोगों ने वंदे भारत ट्रेन पर पथराव कर दिया।

उन्होंने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस बुधवार को नागपुर से बिलासपुर की ओर रवाना हुई थी। जब वह दुर्ग और भिलाई नगर स्टेशन के मध्य पहुंची तब कुछ लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। इससे ई वन कोच की एक खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।

अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दे दी गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और नागपुर (महाराष्ट्र) के बीच शुरू की गई देश की छठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नागपुर से हरी झंडी दिखाई थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav