अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 18 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Dec 2022 09:27 PM
अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर, 18 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बुफालो. अमेरिका में बर्फीले तूफान से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी. वहीं, बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई इलाकों में घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बत्ती गुल हो गयी और लाखों लोगों के अंधेरे में रहने का खतरा पैदा हो गया है. तूफान की वजह से काफी विस्तृत क्षेत्र कनाडा के पास ग्रेट लेक्स से मैक्सिको की सीमा से लगे रियो ग्रांडे तक प्रभावित हुआ है. राष्ट्रीय मौसम सेवा ने कहा कि मौसम संबंधी सलाह या चेतावनी के दायरे में अमेरिका की लगभग 60 प्रतिशत आबादी है और रॉकी माउंटेन के पूर्व से एपलाचियन तक तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर गया है.

विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ के मुताबिक रविवार तड़के तक करीब 1,346 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं. तूफान ने न्यूयॉर्क के बुफालो में सबसे ज्यादा तबाही मचायी है. लोगों तक पहुंचने के लिए आपात प्रतिक्रिया विभाग का अभियान भी बाधित हुआ है. बर्फ की मोटी परत बिछी होने के कारण शहर का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी बंद कर दिया गया है.

अमेरिका में अधिकारियों ने मौत की वजह तूफान की चपेट में आने, कार दुर्घटना, पेड़ गिरने और तूफान के अन्य असर को बताया है. बुफालो क्षेत्र में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी. न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने बताया कि तूफान की वजह से बुफालो में आपात सेवा का अभियान भी ठप पड़ गया है.

बुफालो नियाग्रा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सोमवार सुबह बंद रहेगा और बुफालो में प्रत्येक अग्निशमन ट्रक हिमपात में फंसा हुआ है. रविवार सुबह सात बजे हवाई अड्डे पर 43 इंच बर्फ जमी हुई थी. एंबुलेंस को पहुंचने में भी देरी हो रही है. एरी काउंटी के अधिकारी मार्क पोलोनकार्ज ने बताया कि अस्पताल पहुंचने में एंबुलेंस को तीन घंटे से ज्यादा वक्त लग रहा है और हमारे समुदाय के इतिहास में यह सबसे भीषण तूफान हो सकता है.

बर्फीले तूफान, बारिश और कड़ाके की ठंड से मेन से लेकर सिएटल तक बिजली गुल हो गई है जबकि एक प्रमुख बिजली आॅपरेटर ने आगाह किया कि पूर्वी अमेरिका में 6.5 करोड़ लोग अंधेरे में रह सकते हैं. तूफान प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने में दिक्कतें आ रही हैं. ‘पावरआउटेजडॉटयूएस’ के मुताबिक रविवार सुबह आठ बजे तक तीन लाख घरों में बिजली आपूर्ति बाधित है. नॉर्थ कैरोलाइना में 6600 घरों में बिजली आपूर्ति ठप है. बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक आपूर्ति प्रभावित रह सकती है.

ओहायो में करीब 50 गाड़ियां टकरा गईं जिससे चार लोगों की मौत हो गई. ओहायो में बिजली विभाग के एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई. मिसूरी और कंसास में अलग-अलग जगहों पर चार लोगों की मौत हो गई. मैक्सिको में अमेरिकी सीमा के पास प्रवासी भीषण सर्दी में शरण के लिए इंतजार कर रहे हैं. एरी काउंटी के पोलोनकार्ज ने शनिवार को ट्वीट किया कि बुफेलो हवाई अड्डे पर 34.6 इंच तथा कुछ अन्य क्षेत्रों में छह फुट तक बर्फ जमी है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu