केरल PFI मामले में वकील गिरफ्तार: NIA

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 30 Dec 2022 07:41 PM
केरल PFI मामले में वकील गिरफ्तार: NIA
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने केरल में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया की “गैरकानूनी और हिंसक गतिविधियों” से जुड़े एक मामले में एक वकील को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. संघीय एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि बृहस्पतिवार को राज्य में 56 स्थानों पर छापेमारी के बाद, एर्णाकुलम जिले का एडवनक्कड़ निवासी मोहम्मद मुबारक एआई इस मामले में गिरफ्तार होने वाला 14वां व्यक्ति है.

अधिकारी ने कहा, ‘‘मुबारक पीएफआई (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) का ‘मार्शल आर्ट्स’ और ‘हिट स्क्वाड’ प्रशिक्षक/सदस्य है. वह केरल उच्च न्यायालय में वकालत कर रहा है.’’ प्रवक्ता ने कहा कि छापेमारी के दौरान उसके घर से बैडंिमटन रैकेट के बैग में छुपाकर रखी गई कुल्हाड़ी, तलवार और हँसिया सहित कई हथियार बरामद किए गए.

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जांच में इसकी पुष्टि हुई है कि पीएफआई अन्य समुदायों के नेताओं और सदस्यों को लक्षित करने के लिए विभिन्न राज्यों और जिलों में ‘हिट स्क्वॉड’ का गठन, प्रशिक्षण और संचालन कर रहा था.’’ केरल में पीएफआई के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में, एनआईए ने 12 जिलों के 56 स्थानों पर सात प्रदेश कार्यकारी समिति के सदस्यों और पीएफआई के कई जोनल प्रमुखों के आवासों पर छापा मारा था.

अधिकारी ने कहा कि 15 शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षकों या प्रशिक्षकों और जानलेवा हिंसक कृत्यों को अंजाम देने के लिए चाकू, खंजर, तलवार और अन्य प्रकार के हथियारों का उपयोग करने में प्रशिक्षित सात सदस्यों के घरों पर भी छापेमारी की गई. कार्रवाई में मामले के संबंध में 20 अन्य संदिग्ध भी शामिल थे, जो 19 सितंबर को स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज किया गया था. इससे पहले, एनआईए ने 22 सितंबर को पीएफआई के कार्यालयों और 13 आरोपियों के आवासों सहित केरल में 24 स्थानों पर छापे मारे थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu