यात्रा के दूसरे चरण की संभावना से कांग्रेस नेताओं में उत्साह, ‘भारत यात्री’ बोले: तैयार हैं हम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Feb 2023 09:00 PM
ऑडियो सुनें

नवा रायपुर. कांग्रेस की ओर से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दूसरे चरण का स्पष्ट संकेत मिलने के बाद पार्टी नेताओं में खासा उत्साह है और कई ‘भारत यात्रियों’ का कहना है कि वे अपने नेता राहुल गांधी के साथ फिर से पदयात्रा पर निकलने के लिए ‘बैग के साथ तैयार हैं’ और उन्हें पार्टी के आदेश का इंतजार है.

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन के आखिरी दिन रविवार को यात्रा के दूसरे चरण का स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘तपस्या’ को आगे बढ़ाने के लिए कार्यक्रम तैयार करें और इसमें सभी लोग शामिल होने के लिए तैयार हैं. राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को बार-बार ‘तपस्या’ बोलते रहे हैं.

राहुल गांधी की इस टिप्पणी के कुछ देर बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कांग्रेस अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट से गुजरात के पोरबंदर के बीच यात्रा निकालने के बारे में विचार कर रही है. उनका यह कहना भी था कि यात्रा के दूसरे चरण की संभावना को लेकर कार्यकर्ताओं में बहुत उत्साह है.

‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ पिछले साल कन्याकुमारी में सात सितंबर से आरंभ हुई थी और करीब 4000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 30 जनवरी को श्रीनगर में पूरी हुई थी. इसमें राहुल गांधी समेत करीब 200 “भारत यात्री” शामिल हुए थे. इस यात्रा के दूसरे चरण के शुरू होने की संभावना के बीच कांग्रेस नेताओं खासकर उन नेताओं में उत्साह नजर आ रहा है जहां से यात्रा नहीं गुजरी थी या फिर आंशिक रूप से गुजरी थी. इनमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी हैं. उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कुछ दिनों के लिए और राज्य के पश्चिमी हिस्से के कुछ इलाकों से ही गुजरी थी.

खाबरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘महाधिवेशन में राहुल जी के भाषण के बाद इसका अहसास हो गया है कि अब दूसरी यात्रा होगी. जब यह यात्रा उत्तर प्रदेश और बिहार से गुजरेगी तो विहंगम दृश्य होगा क्योंकि लोगों के बीच बहुत उत्साह है.’’ उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के नजरिये से भी देखें तो इस यात्रा का उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में बहुत असर होगा.

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तर्ज पर एक यात्रा निकाली थी, लेकिन राज्य के लोग चाहते हैं कि राहुल गांधी खुद यात्रा लेकर पहुंचें. उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ऐसी यात्रा का बहुत स्वागत होगा. न सिर्फ कांग्रेस, बल्कि सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें यात्रा का स्वागत करेंगी और लोग बड़ी तादाद में इसमें भाग लेंगे.’’ राहुल गांधी के साथ कन्याकुमारी से श्रीनगर तक पदयात्रा करने वाले ‘भारत यात्री’ भी फिर से यात्रा पर निकलने की संभावना को लेकर खासे उत्साहित हैं.

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट और ‘भारत यात्री’ के रूप में पदयात्रा करने वाले वैभव वालिया ने कहा, ‘‘देश के जिन राज्यों और इलाकों से यात्रा नहीं निकली है, वहां के लोगों की यही इच्छा है कि यात्रा का दूसरा चरण उनके यहां से निकलना चाहिए.’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर यात्रा होती है कि हम बैग के साथ तैयार हैं. पार्टी का आदेश मिलता है तो हम अपने नेता राहुल गांधी जी के साथ यात्रा पर निकल जाएंगे.’’ कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव और उत्तराखंड से एआईसीसी सदस्य वालिया ने कहा कि इस साल कर्नाटक और कुछ अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव आ रहे हैं, ऐसे में पार्टी इसका भी संज्ञान लेगी.

उनके मुताबिक, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का बहुत सकारात्मक असर हुआ और यदि दूसरे चरण की यात्रा निकलती है तो कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं को ताकत मिलेगी. एआईसीसी सदस्य और ‘भारत यात्री’ रहे चांडी ओमान का कहना है, ‘‘ अगर दूसरे चरण की यात्रा निकलती है तो भारत जोड़ने का मिशन पूरा होगा और सभी यात्री इस बारे में उत्साहित हैं.’’ चांडी ओमन केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के पुत्र हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu