न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा बने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 Mar 2023 09:13 PM
ऑडियो सुनें

रायपुर. राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने न्यायाधिपति रमेश सिन्हा को आज राजभवन के दरबार हॉल में उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई. इसके पूर्व रमेश सिन्हा इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे. राज्यपाल हरिचंदन ने मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी. राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य न्यायाधीश सिन्हा को पुष्पगुच्छ भेंटकर शुभकामनाएं दीं.

इस अवसर पर कृषि एवं संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा भी उपस्थित थे.

समारोह में मुख्य न्यायाधीश सिन्हा की धर्मपत्नी शालिनी सिन्हा सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण उपस्थित थे. शपथ ग्रहण समारोह का संचालन प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन द्वारा किया गया तथा उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया. इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव द्वय रेणु जी पिल्ले एवं सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, राज्यपाल के सचिव अमृत कुमार खलखो, महाधिवक्ता सतीशचंद्र वर्मा, उच्च न्यायालय बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल अरविंद वर्मा सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं हाईकोर्ट के अधिवक्तागण उपस्थित थे. उल्लेखनीय है कि सिन्हा छत्तीसगढ़ के 15 वें मुख्य न्यायाधीश होंगे.

छत्तीसगढ़ के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरूप कुमार गोस्वामी की सेवानिवृत्ति के बाद 10 मार्च को न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था. इलाहाबाद उच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पांच सितंबर, 1964 को जन्मे मुख्य न्यायाधीश सिन्हा ने 1990 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से कानून में स्रातक किया था. उन्होंने 21 नवंबर, 2011 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी और बाद में उन्हें छह अगस्त, 2013 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu